संबलपुर में बाल-बाल बचे भाजपा के स्टार प्रचारक
ओडिशा के संबलपुर जिले के बामड़ा ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार को चुनावी सभा करने आ रहे भाजपा के स्टार प्रचारकों का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया।
संवाद सूत्र, बामड़ा : ओडिशा के संबलपुर जिले के बामड़ा ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार को चुनावी सभा करने आ रहे भाजपा के स्टार प्रचारकों का हेलीकॉप्टर दुघर्टनाग्रस्त होने से बच गया। ईंधन खत्म होने के कारण हेलीकॉप्टर को जराबगा के पास आपात लैंडिग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में बामड़ा की महारानी अंरुधति देवी सहित भाजपा की प्रदेश सचिव लेखाश्री सामंतसिघार, फिल्म अभिनेता श्रीतम दास सवार थे। पायलट की सूझबूझ से किसी को खरोंच तक नहीं आयी। करीब सवा घंटे बाद ईधन आने पर हेलीकॉप्टर ने छेंदीपदा के लिए उड़ान भरी।
घटनाक्रम के अनुसार, बामड़ा ब्लॉक के मनापाली गांव में गुरुवार की दोपहर एक बजे भाजपा की चुनाव सभा होनी थी। इसमें शामिल होने के लिए स्टार प्रचारकों को आना था। दोपहर के करीब एक बजे के आसपास एक हेलीकॉप्टर सभास्थल के ऊपर दिखायी दिया। लेकिन नीचे उतरने की बजाय वापस चला गया। पायलट ने जराबगा के पास एक हैलीपेड देखा। इसी दौरान ईधन खत्म हो जाने से पायलट ने हेलीकॉप्टर की वहां पर इमरजेंसी लैंडिग करने का प्रयास किया। लेकिन यहां बीजू जनता दल की जनसभा होने से बीजद के झंडे लहराते दिखे। झंडे देखने के बाद पायलट ने उक्त जनसभा स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर समतल जगह देख हेलीकॉप्टर की लैंडिग की। हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर वहां बीजद कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। हालांकि इसी बीच सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अंचल की घेराबंदी करते हुए भीड़ को हेलीकॉप्टर के करीब फटकने से रोका। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टर में सवार भाजपा के स्टार प्रचारकों को उतरने नहीं दिया गया। करीब सवा घंटे बाद ईधन पहुंचने पर हेलीकॉप्टर ने यहां से छेंडीपदा के लिए उड़ान भरी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।