मोदी-प्रधान के पुतले को दी फांसी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी की जिला इकाइया
जेएनएन, संबलपुर/झारसुगुड़ा : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी की जिला इकाइयों की ओर से मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने क्षेत्रवार जिला मुख्यालयों के सामने विरोध-प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की नाकामियों को उजागर किया। इस क्रम में संबलपुर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों का विरोध करते हुए जिलाधीश कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले को फांसी पर लटकाकर आक्रोश व्यक्त किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधीर कुमार पंडा ने कहा कि यूपीए सरकार में पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने पर भाजपा हाय-तौबा मचाती थी। अब भाजपा राज में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही है और इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उछाल का नाम देकर बचने की कोशिश की जा रही है। बीते चुनाव में देशवासियों को अच्छे दिन का सपना दिखाकर सता हासिल करनेवाली भाजपा की नीति से देशवासी परेशान हो गए हैं और आगामी चुनाव में इसका नतीजा देखने को मिलेगा। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेश्वर मिश्र के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में राजकिशोर दास, आसफ अली खान, प्रमोद सराफ, सुरेखा साहू, सुतापा मित्र, निरंजन त्रिपाठी, बबीता बड़पंडा, आशुतोष स्वाईं, आदित्य नाथ एवं अन्य उपस्थित रहे और भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताया।
किसान नेता ने केंद्र सरकार की बखिया उधेड़ी
संसू, झारसुगुड़ा : भाजपा के चार साल के कार्यकाल को लोगों के साथ विश्वासघात करने एवं घोषणा करने वाली सरकार बताकर कांग्रेस की ओर से जिले भर में शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाया गया। कुशासन जयपुरिया की अध्यक्षता में आयोजित कांग्रेस की सभा में शहर अध्यक्ष भरत अवस्थी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रुबिना खान, पार्षद प्रताप नंद, वरिष्ठ कांग्रेसी गिरिश रंजन पंडा, मदन हाथी आदि ने चार साल भाजपा शासन की नाकामियों को उजागर करते हुए मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। जिला किसान खेत मजदूर संघ के अध्यक्ष जगन्नाथ जेना ने भी मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया।