वर्कशॉप परिसर से सुपरवाइजर का जला शव मिला
टाउन थाना अंतर्गत मोदीपाड़ा इलाके के एक घर से शुक्रवार को एक अपरिचित महिला का शव बरामद होने की घटना के साथ सदर थाना अंतर्गत केनघाटी स्थित वर्कशॉप परिसर से एक पुरुष का जला शव पुलिस के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। ं
संवाद सूत्र , संबलपुर : स्थानीय टाउन थाना अंतर्गत मोदीपाड़ा इलाके के एक घर से शुक्रवार को अज्ञात महिला का शव बरामद होने की घटना के साथ सदर थाना अंतर्गत केनघाटी स्थित एक वर्कशॉप परिसर से एक पुरुष का जला शव पुलिस के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। दोनों मामलों में पुलिस अपमृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। दोनों ही मामलों को लेकर हत्या का संदेह किया जा रहा है।
सदर पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को केनघाटी स्थित बीकेडी वर्कशॉप परिसर स्थित टीन की छत वाले अस्थायी घर के अंदर से सुपरवाइजर महेश्वर साहू का जला शव बरामद हुआ। महेश्वर देवगढ़ जिला के बारकोट थाना अंतर्गत गोलाबंध गांव का रहने वाला था। वर्कशॉप के मैनेजर नंदकिशोर स्वाईं से इस बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस और साइंटिफिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। अस्थायी घर के अंदर महेश्वर का जला शव समेत डीजल का डिब्बा, दो स्टोव और तीन खाट देखने को मिलीं। पुलिस महेश्वर का शव, डीजल के डिब्बे समेत राख को जब्त किया और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। प्राथमिक जांच के बाद थानेदार योगेश पंडा ने इसे दुर्घटनाजनित मौत का मामला बताया है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्कशॉप परिसर में रहने वाले मजदूरों के अनुसार, महेश्वर को गुरुवार की देर रात तक अस्थायी घर के पास घूमते देखा गया था। बताया कि वर्कशॉप परिसर के पक्के घरों में मजदूर रहते हैं, जबकि सुपरवाइजर महेश्वर टीन के बने अस्थायी घर में सोने जाता था। इसके पीछे के रहस्य का पता नहीं चल सका है। और तो और, घटनावाली रात अस्थायी घर में लगी आग और जलकर मरे सुपरवाइजर महेश्वर की चीख पुकार भी किसी ने नहीं सुनी थी। ऐसे में इस घटना को लेकर महेश्वर के परिवार वाले इसे सुनियोजित हत्याकांड का संदेह कर रहे हैं।