पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे पूर्व कुलपति
झारसुगुड़ा जिला पर्यावरण समिति एवं जंगल विभाग के तत्वावधान में संबलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति दुबराज नायक साइकिल यात्रा के जरिए क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं।
संसू, ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा जिला पर्यावरण समिति एवं जंगल विभाग के तत्वावधान में संबलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति दुबराज नायक की अगुवाई में विगत मंगलवार से शुरू पर्यावरण बचाओ साइकिल यात्रा गुरुवार को बेलपहाड़ पहुंची। यहां नगरपाल परशुराम साहू, राज्य पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक रंजन दास, जिला कलाकार संघ के अध्यक्ष सुरंग प्रधान तथा पूर्व नगरपाल कैलाश नायक ने यात्रा का स्वागत किया। इसके उपरांत गिरधारी लाल उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रोफेसर नायक ने छात्र-छात्राओं को अपने जन्मदिन पर एक वृक्ष लगाने तथा उसको बचाने की अपील करते हुए प्लास्टिक से दूर रहने का परामर्श दिया। इस यात्रा में झारसुगुड़ा जिला इको क्लब के संयोजक प्रह्लाद नायक भी शामिल रहे। शाम को साइकिल यात्रा के ब्रजराजनगर पहुंचने पर समाजसेवी संयुक्ता महापात्र एवं निवर्तमान पार्षद किरण दास द्वारा मंडलिया में एवं मुख्य बाजार में मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष पंकज रूंगटा, पूर्व अध्यक्ष भवंत अग्रवाल, उमेश शंघई आदि ने यात्रा का स्वागत किया।