सीएम का इस्तीफा बीजेपुर के लोगों से विश्वासघात : पुजारी
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीजेपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने को लेकर भाजपा नेता आक्रामक हो गए हें।
संसू, संबलपुर : मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीजेपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने को लेकर भाजपा के नेता आक्रमक हो गए हैं। संबलपुर के भाजपा विधायक जयनारायण मिश्र ने भुवनेश्वर में व बरगढ़ से पार्टी के सांसद सुरेश पुजारी ने संबलपुर में प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री पटनायक पर निशाना साधा। कहा कि मुख्यमंत्री को पश्चिम ओडिशा के प्रति कोई हमदर्दी नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने बीजेपुर विधानसभा और हिजिली विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद बीजेपुर से इस्तीफा दे दिया। ऐसा कर उन्होंने बीजेपुर और पश्चिम ओडिशा के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। सांसद पद की शपथ लेकर नई दिल्ली से लौटने के बाद बरगढ़ के सांसद सुरेश पुजारी अपने चुनाव क्षेत्र का दौरा कर मतदाताओं के प्रति आभार जताने के बाद अपने गृहनगर संबलपुर पहुंचे। यहां एक होटल में प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिजिली के अलावा बीजेपुर से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने को लेकर ना केवल बीजेपुर बल्कि पूरे पश्चिम ओडिशा के लोगों को उनसे काफी उम्मीद थी। लोगों को लगा था कि मुख्यमंत्री के चुनाव जीतने के बाद बीजेपुर के साथ पश्चिम ओडिशा का भी तेजी से विकास हो सकेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी पारंपरिक हिजिली सीट अपने पास रखा और बीजेपुर सीट से इस्तीफा देकर वहां पर फिर से उपचुनाव थोप दिया है। ऐसा कर उन्होंने बीजेपुर के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। वर्ष 2018 के बीजेपुर उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की थी, जो अबतक शुरू नहीं हो सकी है। अब बीजेपुर सीट से इस्तीफा देने और वहां उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए फिर कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है। सांसद पुजारी ने अफसोस जताया कि मुख्यमंत्री पटनायक बीजेपुर से चुनाव लड़कर जीत भी गए, लेकिन बरगढ़ जिला के किसानों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। कभी चावल का कटोरा कहे जाने वाले बरगढ़ जिला की मंडियों में धान बिक्री की समस्या गहराने लगी है। किसानों को सिचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है, जबकि कागजों पर हजारों करोड़ की सिचाई परियोजना बनायी जा रही है। प्रेसवार्ता में बरगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. अरुपानंद साहू, महासचिव रविनारायण दास, उपाध्यक्ष अशोक कुमार पंडा, संबलपुर जिला प्रवक्ता सूर्य पाणिग्राही, जोनल मीडिया संयोजक मानस बक्सी, प्रदेश सचिव सुशांत मिश्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सीमांचल खटेई, सुरेश्वर सत्पथी, सनत गड़तिया प्रमुख उपस्थित थे।