केंद्र सरकार अपने ऐतिहासिक निर्णय पर अडिग : सुरेश पुजारी
भाजपा के बरगढ़ सासद सह राष्ट्रीय सचिव सुरेश पुजारी ने एनआरसी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : भाजपा के बरगढ़ सासद सह राष्ट्रीय सचिव सुरेश पुजारी ने एनआरसी को देश की सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए आवश्यक बताते हुए विपक्षी दलों के देश भर में विरोध किये जाने पर अफसोस जताया है। संबलपुर में मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद पुजारी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीति और नियत साफ है। ऐसे में देश के लोगों को एनआरसी के बारे में जागरूक करने के लिए एक लाख स्थानों पर जागरूकता सभा करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बंगलादेश से लाखों की संख्या में हिंदू, सिख, जैन एवं बौद्ध धर्म के लोगों को भय और आतंक की वजह से पलायन करना पड़ा है। ऐसे लोगों को देश में इज्जत और अधिकार दिया जायेगा। सांसद पुजारी ने आगे बताया कि कुछ राजनैतिक दल नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर अल्पसंख्यों को भड़काने की कोशिश कर रहे है, लेकिन केंद्र सरकार अपने इस ऐतिहासिक निर्णय पर अडिग है। पश्चिम बंगाल की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में घुस आये घुसपैठिये सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहें हैं। जबकि देश के नागरिक ऐसे लाभ से वंचित हो रहे हैं। ऐसे घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस उनके देश भेजे जाने की जरूरत है। प्रेस वार्ता में त्रिविक्रम प्रधान और भवानी भोई भी उपस्थित रहे।