किसानों के समर्थन में भाजपा का प्रदर्शन, कई गिरफ्तार
कृषि विभाग की लापरवाही से किसानों की फसल को हुए नुकसान के
जागरण संवाददाता, संबलपुर : कृषि विभाग की लापरवाही से किसानों की फसल को हुए नुकसान के विरोध में, संबलपुर भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मोदीपाड़ा स्थित कृषि उपनिदेशक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों के समर्थन में उतरे भाजपा नेता और कार्यकर्ता पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए कार्यालयों में घुसने की कोशिश किया। जिसमें पुलिस ने पूर्व विधायक जयनारायण मिश्र समेत कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जिसे देर शाम उन्हें रिहा किया।
गौरतलब है कि चकड़ा कीड़े की वजह से संबलपुर जिला में हजारों हेक्टर धान की फसल को नुकसान हुआ है और हताश किसान धान फसल को आग के हवाले करने को मजबूर हो रहे हैं। कृषि उपनिदेशक कार्यालय के समक्ष आयोजित सभा को पूर्व विधायक मिश्र ने लोगों संबोधित करते हुए राज्य सरकार समेत कृषि व पशु संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि खरीफ फसल की धान की बिक्री शुरू भी नहीं हुई कि किसान खुदकुशी करने को मजबूर हो रहे हैं। नकली बीज और नकली कीटनाशक की वजह से हजारों किसानों को दुर्दशा भुगतनी पड़ रही है। लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। मामला जब गंभीर हो चुका है तब सरकार नुकसान का रिपोर्ट मांग रही है। कृषि विभाग की निष्क्रियता का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। अब, सरकार दिखावा कर रही है और चकड़ा कीड़े के निराकरण के लिए टीम भेज रही है। भाजपा ने धान फसल के नुकसान का आकलन कर 15 दिनों के अंदर प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि प्रदान करने, प्रति क्विंटल 500 रुपये का बोनस, रियायत कीमत पर किसानों को बीज और कीटनाशक मुहैया कराने की मांग की है। इस प्रदर्शन में भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता भी शामिल रहे।