वकीलों के खिलाफ कुप्रचार में भाजपा नेता गिरफ्तार
हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ की मांग पर जिला वकील संघ के पिछले करीब छह महीने से जारी कामबंद आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया में कुप्रचार करने के आरोप में बुर्ला पुलिस ने भाजपा के एक युवा नेता को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ की मांग पर जिला वकील संघ के पिछले करीब छह महीने से जारी कामबंद आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया में कुप्रचार करने के आरोप में बुर्ला पुलिस ने भाजपा के एक युवा नेता को शुक्रवार को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। आरोपित प्रभाष प्रुसेठ को बुर्ला भाजपा मंडल का अध्यक्ष बताया गया है। इसे लेकर भाजपा की ओर से बुर्ला में विरोध प्रदर्शन किया गया। बताया गया कि प्रभाष कई संगठनो से जुड़ा है और युवा समाजसेवी के रूप में भी उसकी अलग पहचान है।
बुर्ला पुलिस के अनुसार, इसी सप्ताह जिला वकील संघ के महासचिव प्रवीण ¨सहदेव ने सोशल मीडिया में बार-बार वकीलों के खिलाफ कुप्रचार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता प्रभाष के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया था। इस मामले की जांच पड़ताल के बाद प्रभाष को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि प्रभाष के खिलाफ पहले भी ऐसे आरोप लगते रहें हैं। वीर सुरेंद्र साय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर के अध्यक्ष प्रो. बृजमोहन मिश्र ने भी कुछ महीने पहले प्रभाष के खिलाफ बुर्ला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था।