संबलपुर और सासन में दो की संदेहजनक मौत , जांच शुरू
गुरुवार को जिला के टाउन और सासन थाना क्षेत्र से दो लोगों का शव बरामद किया गया। दोनों की मौत संदेहजनक स्थिति में हुई है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : गुरुवार को जिला के टाउन और सासन थाना क्षेत्र से दो लोगों का शव बरामद किया गया। दोनों की मौत संदेहजनक स्थिति में हुई है। पुलिस दोनों का शव जब्त कर अपमृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
टाउन थाना अंतर्गत मोदीपाड़ा स्थित गुरुद्वारा के निकट एक घर से 45 वर्षीय कुलविदर सिंह का शव बरामद हुआ। कुलविदर गुरुद्वारा का शव वाहक गाड़ी चलाता था। पत्नी के साथ झगड़े के बाद वह घर में अकेला रहता था। बताया गया है कि गुरुवार के दिन किसी को शव वाहक गाड़ी की जरुरत पड़ी। तब वह गाड़ी लेने गुरुद्वारा गया था। गुरुद्वारा का सुरक्षाकर्मी जब चालक कुलविदर को बुलाने उसके घर गया तब दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कुलविदर नहीं निकला और कोई जवाब नहीं दिया तब पुलिस को सूचित किया गया। टाउन पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तब कुलविदर का शव मिला। उसके नाक से खून निकलकर सूख चुका था।
इसी तरह सासन पुलिस ने बारडूंगरी कल्वर्ट के नीचे से 45 वर्षीय सचिता जेना नामक एक मजदूर का शव बरामद किया। सासन थाना अंतर्गत पाबपाली गांव का सचिता नुंआमुंडा स्थित एक क्रशर में काम करता था। बुधवार की शाम वह अपनी साइकिल से कहीं गया था और वापस नहीं लौटा था। गुरुवार की सुबह कुछ लोगों ने कल्वर्ट के ऊपर एक साइकिल और चप्पल देखा तो संदेह हुआ। कल्वर्ट के नीचे देखने पर शव दिखा। इसके बाद सरपंच गोपाल ओराम ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। माना जा रहा है की सचिता कल्वर्ट की रेलिग पर सुस्ताने बैठा होगा और असावधानीवश नीचे गिरने से उसकी मौत हो गयी होगी।