उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को लेकर रवाना हुई स्पेशल ट्रेन
स्पेशल ट्रेन से रवाना हुए उत्तर प्रदेश के मजदूर
संवाद सूत्र, संबलपुर : उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिला से कामकाज के लिए ओडिशा में आकर रहने वाले हजारों प्रवासियों में से 1068 प्रवासी बुधवार की शाम संबलपुर से एक स्पेशल ट्रेन से वापस उत्तर प्रदेश लौट गए। संबलपुर जिलाधीश शुभम सक्सेना की कोशिशों से यह संभव हो सका। इसके लिए पिछले कई दिनों से कोशिश की जा रही थी। इस स्पेशल ट्रेन के बारे में पता चलने के बाद हजारों प्रवासियों ने उत्तर प्रदेश लौटने के लिए अपना नाम रजिस्टर कराया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई की शाम से ही प्रवासियों का संबलपुर आना शुरू हो गया था। उन्हें बुर्ला और संबलपुर के विभिन्न स्थानों में रखा गया था और बुधवार को बसों से उन्हें संबलपुर रेल स्टेशन लाए जाने के बाद थर्मल स्क्रीनिंग के बाद स्टेशन के अंदर जाने दिया गया। इस दौरान स्टेशन निकटस्थ श्री अग्रसेन चौक से चेरुआपाड़ा चौक इलाके में धारा-144 जारी कर आवाजाही बंद कर दिया गया। इस बारे में पहले से कोई सूचना नहीं दिए जाने की शिकायत की गयी है। आरोप है कि इस दौरान उस मार्ग से होकर अपने घर जाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लॉकडाउन की वजह से अपने घर लौटने को लेकर व्याकुल प्रवासी बरगढ़, बलांगीर, बऊद, झारसुगुडा, कालाहांडी, केंदूझर, मयूरभंज, नवरंगपुर, नुआपाड़ा, नयागढ़, सोनपुर, संबलपुर आदि जिला के विभिन्न स्थानों से संबलपुर पहुंचे। स्टेशन में उनके बीच शारीरिक दूरी को बनाए रखने समेत स्वास्थ्य की जांच की गयी। इसके बाद उन्हें सरकारी दिशानिर्देश का पालन करते हुए फेस मास्क पहनकर यात्रा करने की सलाह दी गयी। शाम करीब छह बजे ट्रेन में सवार होने के बाद उत्तरांचल राजस्व आयुक्त निरंजन साहू, उत्तरांचल पुलिस डीआइजी हिमांशु लाल, संबलपुर जिलाधीश शुभम सक्सेना, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. कंवर विशाल सिंह, संबलपुर मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप कुमार और अतिरिक्त मंडल प्रबंधक एलवीएसएस पात्रुडू आदि ने झंडा दिखाकर इस स्पेशल ट्रेन को झारसुगुडा-बिलासपुर के रास्ते कानपुर के लिए रवाना किया।