संबलपुर से कानपुर के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन 20 को
बुधवार 20 मई के दिन संबलपुर से एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन के उत्तर प्रदेश रवाना होने की खबर है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : बुधवार 20 मई के दिन संबलपुर से एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन के उत्तर प्रदेश रवाना होने की खबर है। यह ट्रेन संबलपुर जंक्शन से कानपुर सेंट्रल तक जाएगी। इस ट्रेन में ओडिशा के विभिन्न स्थानों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के श्रमिक अपने प्रदेश वापस लौट सकेंगे। इस बारे में पूछे जाने पर संबलपुर जिलाधीश शुभम सक्सेना ने इसकी पुष्टि की है और बताया है कि यह ट्रेन केवल उत्तर प्रदेश के श्रमिकों के लिए चलायी जा रही है।
जागरण को प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार के दिन संबलपुर मंडल रेल कार्यालय में मंडल प्रबंधक प्रदीप कुमार और जिलाधीश सक्सेना समेत विभागीय अधिकारियों की एक खास बैठक आयोजित रही, जिसमें ओडिशा में फंसे उत्तर प्रदेश के श्रमिकों को वापस उनके प्रदेश तक पहुंचाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के संदर्भ में चर्चा हुई। खबर है कि यह श्रमिक स्पेशल ट्रेन संबलपुर से झारसुगुडा, बिलासपुर के रास्ते कानपुर सेंट्रल तक चलेगी। इस ट्रेन के रवानगी की तारीख 20 मई तय की गयी है। इसके लिए श्रमिकों के नाम का रजिस्ट्रेशन और अन्य तैयारी की जा रही है। सरकार के दिशानिर्देश के तहत समस्त श्रमिकों के स्वास्थ्य जांच के बाद ही उन्हें यात्रा की अनुमति दी जाएगी।