गांधी जयंती तक रेल मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान
हाल ही में प्लास्टिक मुक्त रेल स्टेशन के रूप में चर्चित संबलपुर रेल मंडल को और अधिक स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है ।
संवाद सूत्र, संबलपुर : हाल ही में प्लास्टिक मुक्त रेल स्टेशन के रूप में चर्चित संबलपुर रेल मंडल को और अधिक स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। भारतीय रेल के नक्शे में संबलपुर मंडल का नाम सुर्खियों में आने से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। इसी को लेकर स्वच्छता पखवाड़ा को अधिक सफल बनाने प्रयास शुरू किया गया है। सोमवार की दोपहर स्थानीय रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रबंधक डॉ. जयदीप गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों और अभियानों में भारतीय रेल भी शामिल है। भारतीय रेल की पहुंच देशभर में है और लोगों पर इसका असर पड़ता है। महात्मा गांधी ने जिस स्वच्छ और सुंदर देश का सपना देखा था उसे साकार करने में भारतीय रेल भी शामिल है। आगामी 2 अक्टूबर को गांधीजी की 150 वीं जयंती है। इसी के उपलक्ष्य में भारतीय रेल की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू किया गया है। 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में संबलपुर रेल मंडल भी शामिल है। इस अभियान के पहले दिन संबलपुर रेल मंडल की ओर से स्थानीय रेलनगर में प्रभात फेरी निकालने समेत श्रमदान कर सफाई की गयी और पौधारोपण भी किया गया। इसमें रेल मंडल के अधिकारी, कर्मचारी और परिवार के लोग शामिल रहे। इसी तरह इस पखवाड़े में रेल यात्रियों को स्वच्छता और पॉलीथिन के प्रति जागरूक करने समेत मंडल के विभिन्न स्टेशनों में पौधारोपण, सफाई, रेल कोच की सफाई, स्वच्छता जागरूकता के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता, सेमिनार आदि का आयोजन किया जाएगा। प्रेसवार्ता में एडीआरएम एलवीएसएस पात्रुडू समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।