ममता भुए को मिला पसंद का जीवनसाथी
करीब दो महीने पहले विवाह मंडप पर दूल्हे को शराब के नशे में लड़खड़ाते देख विवाह करने से ंइंकार करने वली ममता भुए को उसकी पसंद का जीवनसाथी मिल गया है।
संसू, संबलपुर : करीब दो महीने पहले विवाह मंडप पर दूल्हे को शराब के नशे में लड़खड़ाते देख विवाह करने से इंकार करने वाली ममता भुए को उसकी पसंद का जीवन साथी मिल गया है। सोमवार को ममता ने झारसुगुड़ा जिला के ब्रजराजनगर के एक युवक से विवाह कर अपनी नई जिंदगी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि संबलपुर जिला के जुजुमुरा ब्लॉक अंतर्गत गोवर्धन बड़माल गांव की ममता भुए का विवाह 12 मई 2019 को होना था। दूल्हा बारात लेकर उसके घर भी पहुंच गया था। ममता विवाह मंडप पर उसका इंतजार कर रही थी। तभी दूल्हा शराब के नशे में मंडप पर पहुंचा। उसके लड़खड़ाते कदम को देख ममता मंडप से उठकर चली गई और विवाह से इंकार कर दिया था। इसके बाद दूल्हे को बगैर दुल्हन के वापस लौटना पड़ा था। यह घटना सामने आने के बाद लोगों ने ममता के कदम को उचित ठहराते हुए उसकी सराहना की थी। यही नहीं विगत 26 जून को जिलास्तरीय नशा निवारण समारोह में जिलाधीश शुभम सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संजीव अरोरा ने ममता को उसके इस साहस के लिए अंगवस्त्र और नकद 10 हजार रुपये प्रदान कर सम्मानित भी किया था।