उम्रकैद की सजा भुगत रहे कैदी की मौत
संबलपुर मंडल जेल में पिछले करीब चार वर्षों से उम्रकैद की सजा भुगत रहे 85 वर्षीय चंदा नायक की इलाजरत अवस्था मे मौत हो गई।
संवाद सूत्र, संबलपुर : संबलपुर मंडल जेल में पिछले करीब चार वर्षों से उम्रकैद की सजा भुगत रहे 85 वर्षीय चंदा नायक की इलाजरत अवस्था में मौत हो गई। वह किडनी रोग से पीड़ित था और बीते 18 जून और फिर 3 जुलाई को उसे इलाज के लिए बुर्ला स्थित मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत के बाद बुर्ला मेडिकल पुलिस चौकी में अपमृत्यु का मामला दर्ज कर सुंदरगढ़ जिला में रहने वाले उसके परिजनों को सूचित किया गया। रविवार को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में चंदा के शव का पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सुंदरगढ़ जिला के केबलांग थाना अंतर्गत मुटु हनुमान इलाके में रहने वाले चंदा नायक को हत्या के एक मामले में अदालत ने दोषी करार दिया था। इसके बाद उसे वर्ष 2015 में संबलपुर मंडल जेल में उम्रकैद की सजा भुगतने के लिए भेज दिया गया था। चंदा पिछले चार वर्षों से जेल में सजा भुगत रहा था। इसी दौरान विगत 18 जून को पहली बार उसकी तबीयत खराब होने के बाद पहले संबलपुर सदर अस्पताल और फिर बुर्ला मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान चंदा को किडनी रोग से पीड़ित पाया गया। उसकी तबीयत में सुधार के बाद उसे वापस जेल लाया गया। इसके कुछ दिन बाद 3 जुलाई को दोबारा चंदा की हालत खराब हुई तो उसे बुर्ला ले जाया गया, जहां शनिवार को इलाजरत अवस्था में उसकी मौत हो गई।