सास-बहू की कलह में फंदे से झूले दंपती
इस घटना के बाद मृतका की सास सुख भोई अपनी गलती पर आंसू बहा रही है और बहू-बेटे के बच्चों को ढ़ांढस दे रही है।
संबलपुर, जेएनएन। सास-बहू में आपसी कलह का एक भयावह नतीजा सामने आया है। शनिवार को नगर के सदर थाना अंतर्गत घेनुपाली गांव के सहंरापाड़ा निवासी डिलेश्वरी भोई उर्फ बुई ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकशी कर ली।
पत्नी को फांसी पर झूलते देख पति राजकुमार भोई ने भी फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। रविवार को दंपती के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद मृतका की सास सुख भोई अपनी गलती पर आंसू बहा रही है और बहू-बेटे के बच्चों को ढ़ांढस दे रही है।
घेनुपाली गांव के सहंरापाड़ा निवासी राजकुमार भोई कभी सब्जी उगाता था तो कभी काम मिलने पर मजदूरी कर अपनी मां और परिवार का पेट पाल रहा था। राजकुमार अपनी पत्नी डिलेश्वरी के साथ काफी खुश था। गरीबी के बावजूद उनमें काफी प्रेम था। बताते हैं कि शुक्रवार को पति-पत्नी बैठकर अपनी गरीबी पर बात कर रहे थे। दोनों में हंसी-मजाक भी हो रहा था। इसी बात को लेकर सास सुख भोई ने बहू डिलेश्वर को ताना देने लगी और गुस्से में आकर अपनी बेटी की ससुराल ठेमरा गांव चली गई। सास के ताने से आहत डिलेश्वरी मन ही मन घुटती रही।
शनिवार की दोपहर उसने अपने बच्चों को चाचा ससुर के घर भेज दिया और खुद को गमछे का फंदा बनाकर घर में ही फांसी लगा ली। अपराह्न में पति राजकुमार घर वापस लौटा तो पत्नी को फंदे से झूलते देख उसने भी गमछे का फंदा बनाकर पत्नी के निकट ही झूलकर अपनी भी जान दे दी।
कुछ देर बाद राजकुमार का चाचा दोनों बच्चों को वापस उनके घर छोडऩे आया तो डिलेश्वरी और राजकुमार को फांसी पर झूलते देख गांववालों को बताया जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस अपमृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक चिट़ठी भी जब्त किया। इसमें मृतका डिलेश्वरी ने अपनी सास के बारे में उल्लेख करने समेत अपने दोनों बच्चों की देखभाल का जिम्मा गांववालों को दिया है।