पति की खुदकुशी के पांच दिन बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी
कोइड़ा थाना अंतर्गत पाटमुंडा घोड़ाडीह गांव में पति की खुदकुशी के पांच दिन बाद पत्नी ने भी मायके में चुन्नी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कोइड़ा थाना अंतर्गत पाटमुंडा घोड़ाडीह गांव में पति की खुदकुशी के पांच दिन बाद पत्नी ने भी मायके में चुन्नी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। युवक के द्वारा दूसरी शादी करने को लेकर विवाद था। इसी को लेकर दोनों के द्वारा खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा शव को जब्त कर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पाटमुंडा गांव की 20 वर्षीय मांदिनी मुंडा की शादी क्योंझर जिले के उच्चबाली निवासी 22 वर्षीय अशोक मुंडा के साथ हुई थी। अशोक मुंडा का एक महिला से अवैध संबंध था एवं वह उसे घर ले आया एवं पत्नी के रूप में रखा था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद था एवं हमेशा झगड़ा होता था। इससे अशोक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया एवं विगत 25 जुलाई को उसने खुदकुशी कर ली। इसके बाद मांदिनी गुरुवार को अपने मायके पाटमुंडा घोड़ाडीह गांव आ गई। शुक्रवार की शाम को वह शौच के लिए जाने की बात बहन से कहकर निकली और वहां चुन्नी का फंदा डाल कर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर परिवार वालों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर उसे अंदर फंदे पर लटका देखा। इस संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को जब्त करने के साथ उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है। रेल पटरी पर मिला अज्ञात युवक का शव : कुआरमुंडा पुलिस चौकी अंतर्गत तेलीपोष गांव के कमारपहाड़ गांव के पास रेल पटरी पर अज्ञात युवक का शव मिला है। रेल पुलिस द्वारा शव को जब्त किया गया तथा अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू की गई है। सुबह रेल कर्मी लाइन से होकर ड्यूटी में जा रहे थे तभी उनकी नजर रेल पटरी पर पड़ी युवक की लाश पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना राउरकेला रेल पुलिस को दी। रेलवे पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया गया है। युवक की उम्र करीब 22 साल है एवं वह नीले रंग की गंजी व पैंट पहना है। शव को शवगृह में रखकर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है।