बिहार के प्रवासियों को मिला तोहफा
ओडिशा सरकार ने शहर में रहने वाले बिहार के प्रवासियों
जागरण संवाददाता, राउरकेला: ओडिशा सरकार ने शहर में रहने वाले बिहार के प्रवासियों के लिए वातानुकूलित बस सेवा की शुरूआत की है। इस नई बस सेवा से राउरकेला में रहने वाले प्रवासियों के साथ पश्चिम ओडिशा में रहने वाले प्रवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से झारसुगुड़ा से बिहार के गया के लिए शुरू की गई बस राउरकेला से होकर भी गुजरेगी। जिससे शनिवार की शाम फूलों से सजी यह बस राउरकेला बस स्टैंड पहुंचने पर इसका स्वागत किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस्पात नगरी राउरकेला समेत पानपोष, बंडामुंडा व आसपास के इलाकों में बिहार के गया, हजारीबाग, बरही व आसपास के अंचल की बड़ी आबादी रहती है। जिससे शहर से इन स्थानों के लिए गुप्ता बस, जय बालाजी व ताज बस सर्विस की ओर से बस चलाई जाती है। लेकिन खासकर पितृपक्ष के अलावा विभिन्न पर्व त्योहारों के दौरान यहां से चलने वाली बसों में काफी भीड़ होने से लोगों की सीट भी नहीं मिल पाती। जिससे अब राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से गया के लिये वातानुकूलित बस सेवा शुरू होने से लोगों की इस परेशानी का काफी हद तक समाधान हो सकता है। इस बस में वाई-फाई की सुविधा के साथ यात्रियों की सुरक्षा खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है।
--------
दूत ने जताया राज्य सरकार का आभार
राज्य सड़क परिवहन निगम ने गया के लिए बस सेवा शुरू करने से सामाजिक संस्था दूत के संयोजक कृष्णा साहु ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक तथा राउरकेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शारदा प्रसाद नायक के प्रति विशेष आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि यह बस सेवा शुरू होने से गया के लोगों के साथ हजारीबाग, बरही व आसपास के अंचलों में रहने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।