अंधविश्वास ने फिर ले ली सर्पदंश से जान
बणई अनुमंडल के केबलांग थाना अंतर्गत पोखरीमुंडा में अंधविश्वा
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
बणई अनुमंडल के केबलांग थाना अंतर्गत पोखरीमुंडा में अंधविश्वास के चलते एक बार फिर महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। सर्पदंश से पीड़ित महिला तत्काल डॉक्टरी इलाज मुहैया कराने की बजाय उसके परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में फंस गए। इससे उसकी जान चली गई। इससे पहले सर्पदंश से पीड़ित एक व्यक्ति की जान इसी चक्कर में जा चुकी है। ऐसे में इस क्षेत्र में सांप के काटने के बाद डॉक्टरी इलाज कराने के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पोखरीमुंडा गांव की 32 वर्षीय मुक्ता मुंडा बीती रात अपने घर में सोई थी। इसी दौरान किसी सांप ने डस लिया। यह परिजनों को पता चलने पर वे उसे डॉक्टरी इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बजाय घर ही में झाड़-फूंक कराने लगे। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और थोड़ी देर बाद उसने दम तोड़ दिया। ऐसे में समझदार लोगों का कहना यदि महिला को समय रहते इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता तो संभव था उसकी जान बच जाती। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।