सीवरेज पाइप के लिए खोदी गयी सड़कों की मरम्मत शुरू
सीवरेज पाइप लाइन के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खोदी गयी सड़कों की मरम्मत का काम शुरु हो गया है। पांच महीने से अधिक समय तक गड्ढों तथा कीचड़ के कारण लोग परेशान थे। विभाग की उदासीनता को लेकर लोगों में रोष देखा था। अब काम शुरु होने से फिर से सड़कों की हालत में सुधार आने की उम्मीद है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज पाइप लाइन के लिए खोदी गयी सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। पांच महीने से अधिक समय तक गड्ढों तथा कीचड़ के कारण लोग परेशान थे। विभाग की उदासीनता को लेकर लोगों में रोष देखा था। अब काम शुरू होने से फिर से सड़कों की हालत में सुधार आने की उम्मीद है।
सीवरेज पाइप लाइन के लिए वैष्णो देवी मंदिर जाने के रास्ते पर पांच महीने पहले कंक्रीट सड़क पर गड्ढे खोदे गए थे। करीब चार फीट चौड़ाई व सात से आठ फीट गहराई पर पाइप बिछाने के बाद इनमें केवल मिट्टी भर दिया गया था। बारिश में मिट्टी गीली होने के कारण सड़कें कीचड़ युक्त हो गयी थी। बार बार अनुरोध के बावजूद नवरात्र तक इसे ठीक नहीं किया गया था। इससे इस मौके पर पूजा पंडालों एवं देवी मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए पहुंचने वालों को पैदल चलने और वाहन लेकर जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। शहर के अधिकांश इलाकों में लोगों को सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया था।
इस संबंध में दैनिक जागरण में 13 अक्टूबर को इससे संबंधित समाचार प्रकाशित होने के बाद सड़क की मरम्मत का काम ठेका संस्था एलएंडटी की ओर से शुरू कर दी गयी है। युग निर्माण स्कूल, त्रिनाथ मंदिर के पास काम होने के बाद अब फ्रैंड्स कलब के पास काम शुरू किया गया है। वैष्णो देवी मंदिर मार्ग, गोपबंधुपल्ली क्षेत्र की सड़कों की हालत अब भी दयनीय है।