रमेश बल का राउरकेला बार एसोसिएशन अध्यक्ष बनना तय
राउरकेला वकील संघ के चुनाव में शनिवार को नया मोड़ आ गया। अध्यक्ष पद पर रमेश बल एवं देवेंद्र नाथ पंडा मैदान में थे।
जासं, राउरकेला : राउरकेला वकील संघ के चुनाव में शनिवार को नया मोड़ आ गया। अध्यक्ष पद पर रमेश बल एवं देवेंद्र नाथ पंडा मैदान में थे। पंडा के चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के बाद रमेश बल ही एकमात्र उम्मीदवार हैं। ऐसे में उनका 14वीं बार राउरकेला वकील संघ का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। 12 दिसंबर को उपाध्यक्ष एवं सचिव पद पर ही मतदान कराया जाएगा एवं मतों की गिनती के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राउरकेला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की गई थी। अध्यक्ष पद के लिए रमेश बल के साथ देवेंद्र पंडा मैदान में थे। आगामी 12 दिसंबर को एक से अधिक पदों के लिए मतदान के बाद परिणाम की घोषणा किए जाने का एलान चुनाव अधिकारी पूर्ण चंद्र प्रधान ने किया था। लेकिन देवेंद्र नाथ पंडा के चुनाव मैदान से हट जाने के बाद रमेश बल का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय हो गया है। संयुक्त सचिव के लिए भरतभूषण पांडे, कोषाध्यक्ष पद के लिए श्रीनिवास पंडा, कार्यकारिणी सदस्य 20 साल से ऊपर, गंगाधर दास, युगल किशोर आचार्य एवं 10 साल से ऊपर उपेंद्र बघार एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण उनका भी निर्विरोध चुना जाना तय है। 30 साल, सात साल से अधिक कार्यकारिणी सदस्य महिला पांच साल से अधिक वाले पद के लिए किसी ने नामांकन नहीं किया है।
हालांकि उपाध्यक्ष पद के लिए चंद्रमणि दास एवं रंग बहादुर बाग तथा महासचिव पद के लिए अक्षय कुमार साहू एव राजकिशोर प्रधान के मैदान में होने से मतदान कराने की जानकारी चुनाव अधिकारी की ओर से दी गई है।