बंडामुंडा में ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत
बंडामुंडा ए-केबिन के निकट कुकड़ा रेल फाटक पर शुक्रवार की रात करीब 9.45 बजे एक रेल हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई।
संसू, बिसरा : बंडामुंडा ए-केबिन के निकट कुकड़ा रेल फाटक पर शुक्रवार की रात करीब 9.45 बजे एक रेल हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई। मृत एतवा खालखो (52) बंडामुंडा के सेक्टर ए/421 के निवासी एवं बंडामुंडा रेलवे कैरेज एंड वागेंन विभाग में कार्यरत थे। शुक्रवार की रात करीब 9.45 बजे एतवा भालुलता के ढीपाटोली स्थित अपने घर से बंडामुंडा लौट रहे थे। कुकड़ा रेल फाटक के निकट रात के 9.45 बजे वे एक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजा गया। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बंडामुंडा जीआरपी एक मामला दर्ज कर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया। आटो की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक जख्मी : राजगांगपुर से वेदव्यास की ओर आ रहे आटो के कार से टकराने के बाद साइकिल सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। इससे वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार राजगांगपुर से वेदव्यास की ओर आ रही थी। चालकों की लापरवाही के कारण आटो व कार आपस में टकरा गए। आटो बायीं ओर मुड़ने के कारण सामने से जा रहा साइकिल सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। इससे उसे गंभीर चोट लगी। सूचना मिलने पर ब्राह्मणीतरंग थाना की पुलिस वहां पहुंची और वाहनों को जब्त कर घटना की जांच कर रही है। गुरुद्वारा की दान पेटी तोड़ कर चोरी : टाउन थाना अंतर्गत भोजपुर स्थित गुरुद्वारा की दान पेटी तोड़ कर चोरी की मामला सामने आया है। इस संबंध में थाने में शिकायत के बाद पुलिस इसकी जांच में जुटी है। गुरुवार की रात को अज्ञात लोगों ने गुरुद्वारा में रखी दान पेटी को तोड़ कर उसमें से रुपये-पैसे निकाल ले गए। दानपेटी में कितनी रकम थी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।