प्रशांत सेठी ने बीजद से दिया इस्तीफा
बीजू जनता दल के सक्रिय कार्यकर्ता व बीजू श्रमिक सामुख्य के प्रदेश
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बीजू जनता दल के सक्रिय कार्यकर्ता व बीजू श्रमिक सामुख्य के प्रदेश सचिव प्रशांत सेठी ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसकी प्रति उन्होंने जिलाध्यक्ष के साथ पार्टी सुप्रीमो नवीन पटनायक को भी प्रेषित किया है।
उन्होंने कहा कि रघुनाथपाली विधानसभा सीट से पार्टी टिकट का दावा किया था पर पार्टी सुप्रीमो ने उनकी उपेक्षा की है। जिसके कारण पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। हालांकि वे किस पार्टी में जाएंगे यह स्पष्ट नहीं किया पर उनके कांग्रेस में जाने एवं रघुनाथपाली विभानसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत मिल रहे हैं।
बीजू श्रमिक सामुख्य के प्रदेश सचिव एवं अर्बन बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत ने नया बाजार स्थित अपने संगठन कार्यालय में मीडिया के समक्ष बीजू जनता दल से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व पार्टी सुप्रीमो नवीन पटनायक ने मेरे आवेदन पर गंभीरता से विचार नहीं किया। उनकी उपेक्षा कर सुब्रत तरई के नाम की घोषणा की है। मैंने 16 साल तक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम किया। सरकार की सभी योजनाओं को जनजन तक पहुंचाने एवं पार्टी के प्रचार प्रसार के लिए सक्रिय रूप से काम किया पर इस सेवा की पार्टी में कोई कद्र नहीं होने के कारण उसे छोड़ने को विवश हो गए। उन्होंने पार्टी सुप्रीमों पर विश्वासघात का आरोप भी लगाया। इसके बाद उनके रघुनाथपाली विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस का टिकट मिलने पर उनके इस पार्टी में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। प्रशांत ने आगे कहा कि सच्चे कर्मी के रूप में जनता की सेवा करते रहेंगे। भले ही किसी भी पार्टी से क्यों न जुड़े हों।