बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत
संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना ओडिशा के राउरकेला की है।
राउरकेला, जागरण संवाददाता। बसंती कॉलोनी के एफएल ब्लाक में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उदितनगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। फिलहाल बुजुर्ग महिला के जलने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार के लोग वॉटर हीटर से पानी गरम करने के दौरान आग लगने की बात कह रहे हैं।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। कॉलोनी के एफएल ब्लाक निवासी रवि महाराणा एवं पत्नी पद्मावती इस्कान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वृंदावन गए हुए हैं। घर में उनकी 72 वर्षीय मां सरस्वती महाराणा, बेटी शिवानी व भवानी महाराणा घर में थीं। शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे जलने का गंध आने पर शिवानी व भवानी उसके कमरे में पहुंची। तब देखा कि उनकी दादी का शरीर झुलस चुका है एवं वह बेसुध पड़ी है।
उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हुए एवं सरस्वती देवी को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। तब तक सरस्वती की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर उदितनगर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर इसकी छानबीन शुरू की। पुलिस के अनुसार शिवानी व भवानी से जानकारी मिली है कि दोनों अपने कमरे में सो रही थी एवं दादी वॉटर हीटर से पानी गर्म कर रही थी तभी वह करंट व आग लगी। कमरे के पास की केरोसीन तेल के डिब्बा पड़ा होने के कारण इस घटना की वास्तविकता कुछ और होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व पुलिस की जांच पूरी होने से स्थिति स्पष्ट होगी।