महिला की हत्या व जलाने के मामले में चार और जेल गए
सुंदरगढ़ आदर्श थाना क्षेत्र के बाउरीमुंडा गांव में पति के द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए कुछ रिश्तेदारों के साथ उसकी अंत्येष्टि कर दी थी।
जासं, राउरकेला : सुंदरगढ़ आदर्श थाना क्षेत्र के बाउरीमुंडा गांव में पति के द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए कुछ रिश्तेदारों के साथ उसकी अंत्येष्टि कर दी थी। इस मामले में पति को पहले ही गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को और चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
आरोपित 45 वर्षीय चंदा टोप्पो ने दो सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी खिमिया की गला दबाकर हत्या कर दी थी। स्वाभाविक मौत की सूचना देकर उसने अपने रिश्तेदारों को बुलाया था। उन्होंने मिलकर उसकी अंत्येष्टि कर दी थी। इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस की ओर से चंदा टोप्पो को गिरफ्तार किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने आरोप स्वीकार किया। इस मामले में आरोपित के रिश्तेदार चमरु ओराम, गजेन्द्र ओराम, सहदेव ओराम व फकीर ओराम को गिरफ्तार किया गया।