घोषणा में सिमटी नगर निगम की एक्सप्रेस सेवा, सड़कों पर फैली गंदगी
राउरकेला महानगर निगम की एक्सप्रेस सेवा घोषणाओंं तक ही सीमित है यहां कि सड़कों पर कचरा फैला हुआ है जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को भी दिक्कतें हो रही है।
राउरकेला, जागरण संवाददाता। राउरकेला महानगर निगम की ओर से शहर को कचरामुक्त करने के लिए एक्सप्रेस सेवा आरंभ की गई पर यह घोषणाओं तक ही सीमित रह गया है। घरों व व्यवसायिक संस्थाओं का कचरा जहां-तहां फेंका जा रहा है। सिविल टाउनशिप, बसंती कालोनी ही नहीं बल्कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के किनारे कई-कई दिनों तक कचरे का ढेर लग रहा है। जिससे इलाके के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम का बार-बार इस ओर ध्यान आकृष्ट करने के बावजूद सफलता नहीं मिल रही है।
राउरकेला महानगर निगम की ओर से कचरा को तत्काल हटाने के लिए एक्सप्रेस सेवा आरंभ की गई है। इसके लिए जगह-जगह बड़े-बड़े कंक्रीट डस्टबीन की जगह लोहे के छड़ वाले डस्टबीन तैयार किए गए। व्यवसायियों के साथ साथ शहरवासियों को सभी तरह के कचरे उसी डस्टबीन में ही डालने का अनुरोध किया गया। सूखा कचरा व गीला कचरा अलग-अलग डालने की व्यवस्था की गई थी।
कचरे की ढु़लाई के लिए दो विशेष वाहनों का प्रबंध भी किया गया है। घोषणा के कुछ दिनों तक कचरा साफ होता रहा पर समय बीतने के साथ ही अधिकारी व कर्मचारियों का जोश ठंडा हो गया। व्यवस्था होने के बाद भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के किनारे व गलियों में कचरे का ढेर देखा जा रहा है एवं उनके लावारिस मवेशियों का अड्डा रहता है। गाय, सांड, सुअर, कुत्तों का जमावड़ा होने के कारण आम लोगों को आने-जाने मे भी परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण आसपास के लोगो को भी दिक्कतें हो रही है।
नगर निगम की ओर से सेवा को बेहतर बनाने के लिए एक्सप्रेस सेवा दो सप्ताह पहले ही शुरु की गई है तथा इसमें लाखों रुपये खर्च हुए हैं पर इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। सिविल टाउनशिप के जेब्लाक क्षेत्र के लोगों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बारनगर निगम अधिकारी को लिखित व मौखिक रूप से शिकायत की है पर वहां स्थिति ज्यों की त्यों है। कचरा डंप होने के बाद उसे नहीं उठाए जाने से वह सड़क पर आ रहा है एवं आसपास के घरों में भी दुर्गंध पहुंचने से उनकी परेशानी बढ़ी हुई है।