प्रवासियों के राउरकेला स्टेशन में उतरने की सूचना से हड़कंप
महाराष्ट्र के कोल्हापुर से झारखंड के बोकारो जाने वाली मजदूर स्पेशल ट्रेन के 300 मजदूर झारसुगुड़ा स्टेशन में नही उतरे।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : महाराष्ट्र के कोल्हापुर से झारखंड के बोकारो जाने वाली मजदूर स्पेशल ट्रेन के 300 मजदूर झारसुगुड़ा स्टेशन में नही उतरे। इस कारण उनके ट्रेन के राउरकेला स्टेशन में उतरने की सूचना आई थी। इस वजह से सोमवार सुबह 10 बजे से ही राउरकेला स्टेशन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। उक्त ट्रेन राउरकेला स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर 10:30 बजे प्रवेश करते ही सभी अधिकारी तत्पर दिखे। ट्रेन रुकते ही कई यात्रियों ने उतरने का प्रयास किया। लेकिन अधिकारियों ने किसी को भी ट्रेन से उतरने नही दिया। इस दौरान सभी बोगी के यात्रियों को लिए नाश्ता, पानी देकर ट्रेन को 10:40 बजे रवाना कर दिया गया। इस दौरान डीएसपी पीके मिश्र अधिकारी और एक प्लाटून फोर्स के साथ स्टेशन के मुख्य गेट को बंद कर तैनात रहे। जबकि स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 में आरपीएफ एएससी एस चौधरी, ओसी गणेश पांडेय अधिकारियों एवं जवानों के साथ, जीआरपी झारसुगुड़ा डीएसपी विजय रंजन केरकेटटा राउरकेला जीआरपी अधिकारी और जवानों के साथ तथा सिविलडिफेंस के अधिकारी और कर्मचारी, राउरकेला महानगर निगम के अधिकारी सहित एआरएम श्रीमंत सावंत, स्टेशन मैनेजर एके मिश्रा, सीसीआई राकेश कुमार राय, डिप्टी सीआई कमलेश कुमार गागराई समेत अन्य रेलवे अधिकारी तैनात थे। उक्त ट्रेन के यात्रियों का राउरकेला स्टेशन में उतरने की आधिकारिक सूचना रेलवे विभाग को नही मिली। लेकिन अचानक से सुनने में आया कि इस ट्रेन के 300 यात्री झारसुगुड़ा में नही उतर कर राउरकेला स्टेशन में उतरेंगे। इस कारण पुलिस प्रशासन और आरपीएफ और जीआरपी तैनात हो गए। इनको यहां केवल नाश्ता और पानी देकर रवाना किया गया। बिलासपुर डिवीजन के रेल अधिकारियों द्वारा सही जानकारी नही देने के कारण परेशानी बढ़ जाती है। फिर भी हम लोग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
- श्रीमंत सामंत, एआरएम, बंडामुंडा ।