पुलिस वेश में महिला से एक लाख के गहने लूटे
कचहरी रोड में अप्सरा लांड्री के पास पुलिस वेश में दो उच्चकों ने सत्संग जा रही एक महिला से गहने उतरवाकर लेकर फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कचहरी रोड में अप्सरा लांड्री के पास पुलिस वेश में दो उच्चकों ने झांसा देकर महिला के गहने उतरवाए और लेकर फरार हो गए। महिला बिरसा डाहर रोड स्थित गुजराती भवन में सत्संग के लिए जा रही थी। लूटे गए गहनों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बतायी गई है। इस संबंध में उदितनगर थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन कर रही है।
कचहरी रोड में विशाल मेगा मार्ट के पास रहने वाली राजकुमारी मित्तल शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गुजराती भवन में आयोजित सत्संग में शामिल होने जा रही थी। अप्सरा लांड्री के पास पुलिस वेश में दो युवकों ने उन्हें रोका और कहा कि इन दिनों आभूषण पहनकर चलना मना है। इसके कारण लूट व हत्या की घटनाएं हो रही हैं। गहना पहनने के लिए दो हजार रुपये जुर्माना लगेगा। इसी तरह की बात कहकर महिला को भ्रमित किया फिर पॉकेट से कागज निकाल कर गहने उतार कर रखने को कहा। राजकुमारी उनके झांसे में आ गयीं एवं अपने हाथ की चूड़ी, दो अंगूठी, कर्णफूल, सोने की चेन उतार कर उस कागज में लपेट लिया। इसी बीच दोनों युवकों ने कागज बदल दिया। महिला उनके द्वारा पकड़ाया गया कागज लेकर सत्संग के लिए पहुंची जहां उसे खोलने पर उसमें नकली गहने थे। इस संबंध में परिवार वालों को जानकारी देने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
लुटेरों के झांसे में आने से बची महिला : उदितनगर निवासी व कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल की पत्नी सुमित्रा देवी शुक्रवार की सुबह लुटेरों के झांसे में आने से बच गयी। सुमित्रा देवी सुबह करीब साढ़े सात बजे दूध लेने के लिए मालगोदाम रोड जा रही थीं। स्टाइल बाजार के पास दो युवकों ने उन्हें रोका और लूट होने की बात कहकर उन्हें गहने उतारने के लिए कहने लगे। डेढ़ महीने पहले हरियाणा भवन के पास लूट की घटना हो चुकी थी जिस कारण सुमित्रा देवी सतर्क थीं और उनके झांसे में नहीं आयी। वह अपने गहने नकली होने की बात कहकर वहां से निकल गयीं। महिला को शिकार बनाने की खबर मिलने के बाद सुमित्रा देवी ने भी उदितनगर पुलिस से इसकी शिकायत की है।