झुंझनू में बेची गई राउरकेला की बेटी बरामद
दिल्ली महिला आयोग की पहल पर दिल्ली पुलिस ने सुंदरगढ़ जिले की
जागरण संवाददाता, राउरकेला : दिल्ली महिला आयोग की पहल पर दिल्ली पुलिस ने सुंदरगढ़ जिले की एक किशोरी को राजस्थान के झुंझनू अंचल से बरामद कर लिया गया है। किशोरी को जिले के लाठीकटा अंचल से ले जाकर चार लाख रुपये में बेच दिया गया था। किशोरी दो महीने की गर्भवती बताई जा रही है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
लाठीकटा अंचल की किशोरी को 2017 में दलाल चांद ओराम ने उसकी बहन और बहनोई की सहायता से चार लाख रुपये में राजस्थान के मुकेश अग्रवाल और किशन अग्रवाल का बेच दिया था। इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद किशोरी के पिता ने लाठीकटा थाने में शिकायत दर्ज कराई की थी। पुलिस किशोरी को झुंझनू से लाकर पिता के हवाले कर दिया था। लेकिन बाद में उसे खरीदार राउरकेला आकर दुबारा उसे ले गए। इसके बाद पिता ने इसकी शिकायत एसपी व डीआइजी से की थी। जिसके बाद पुलिस ने दोबारा किशोरी की तलाश शुरू की। लेकिन असफल रही। इसके बाद पिता ने दिल्ली महिला आयोग में गुहार लगाई। जिसके बाद महिला आयोग की पहल पर दिल्ली पुलिस ने किशोरी को तलाश लिया साथ ही किशन अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को दिल्ली महिला आयोग के समक्ष किशोरी का बयान दर्ज किया गया। जिसमें उसे बेचने में किन किन लोगों का हाथ है इस संबंध में भी जानकारी दर्ज की गई।