सुंदरगढ़ लोस में जुएल के नाम हैट्रिक का रिकार्ड
सुंदरगढ़ लोकसभा सीट में 1952 से लेकर 2014 तक केवल भाजपा के
जागरण संवाददाता, राउरकेला: सुंदरगढ़ लोकसभा सीट में 1952 से लेकर 2014 तक केवल भाजपा के जुएल ओराम के नाम हैट्रिक लगाने का रिकार्ड है। भाजपा के टिकट पर जुएल ओराम ने 1998, 1999 तथा 2004 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाई थी। हालांकि जीत की हैट्रिक लगाने के बाद उन्हें 2009 में हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद गत 2014 के चुनाव में मोदी लहर के बावजूद राज्य की 20 सीटें बीजद के खाते में जाने के बाद एकमात्र सीट पर जुएल ने जीत का परचम लहराया था। वैसे इस सीट पर भाजपा के अन्य प्रत्याशियों ने भी चुनाव लड़ा है, लेकिन चुनावी सफलता केवल जुएल ओराम के ही खाते में आई है। जो 2019 के आम चुनाव में एक बार फिर सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से मैदान में हैं।
सुंदरगढ़ लोकसभा सीट पर 1984 के आम चुनाव में भाजपा के टिकट से ईश्वरी प्रसाद सिंह को मैदान में उतारा गया था। जिसमें वे कांग्रेस के मोरिस कुजूर, जनता पार्टी के इग्नेश मांझी के बाद तीसरे नंबर पर थे। उन्हें कुल 25069 वोट मिले थे, जो कुल वोट का तीन फीसद था। जिसके बाद 1991 के आम चुनाव में भाजपा की ओर से पहली बार चुनाव मैदान में जुएल ओराम उतरे थे। इस चुनाव में कांग्रेस की फ्रीडा टोप्नो व जनता दल के मंगला किसान के बाद वे तीसरे नंबर पर रहे थे, इस चुनाव में जुएल ओराम को 105908 वोट मिले थे, जो कुल वोट का 11 फीसद था। 1996 के आम चुनाव में भाजपा ने महेंद्र मांझी को मैदान में उतारा था, जो तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें कुल 145639 वोट मिले थे, जो कुल वोट का 13 फीसद था। जिसके बाद 1998, 1999 तथा 2004 के आम चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी जुएल ओराम ने जीत दर्ज की थी। इन तीनों चुनाव में जुएल ओराम को क्रमश: 316069, 326395 व 336562 वोट मिले थे, जो कुल वोट का फीसद क्रमश: 27, 27 व 27 फीसद रहा था। हालांकि 2009 के चुनाव में वे कांग्रेस के हेमानंद बिस्वाल से हार गए थे। जिसके बाद 2014 के आम चुनाव में जुएल ओराम ने जीत दर्ज की। जिसमें उन्हें कुल 340508 वोट मिले, जो कुल वोट का 24 फीसद रहा था।