मंदिरों में लगा बजरंगबली का जयकारा
हनुमान जयंती पर शहर के विभिन्न मंदिरों में शुक्रवार सुबह से ही मंदिरों में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकाड पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर भंडारा का भी आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला: हनुमान जयंती पर शहर के विभिन्न मंदिरों में शुक्रवार सुबह से पूजा अर्चना के साथ हनुमान चालीसा पाठ व सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिरों में जहां बजरंगबली का जयकारा लगा वहीं भक्तों के लिए भंडारा का भी आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पूजापाठ के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य पर गांधी रोड नया बस स्टैंड स्थित त्रिनाथ मंदिर में सुबह पूजा अर्चना के पश्चात दोपहर को जनकल्याण संगठन की ओर से विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। देर शाम तक चले इस भंडारा में पांच सौ से अधिक भक्तों ने प्रसाद सेवन किया। इस कार्यक्रम को सफल करने में जनकल्याण संगठन से जुडे़ त्रिनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी दुर्गेश तिवारी छब्बे सिंह, रितेश तिवारी, विमल शर्मा, प्रमोद शर्मा, विनय माझी, श्रवण पवार आदि ने सहयोग किया।
इसी तरह राउरकेला स्टेशन परिसर स्थित संकट मोचन मंदिर में मंदिर के मुख्य पुजारी सुदामा पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को हनुमान महोत्सव मंदिर में बहुत धूमधाम के साथ मनाया गया। इसके तहत तड़के 5:45 में भगवान हनुमान जी का जन्म हुआ। इस दौरान उनकी विधिवत पूजा अर्चना के साथ उनको सवा मनी बुंदी का भोग चढ़ाया। इस उपलक्ष्य पर मंदिर में भक्तो की काफी भीड़ उमड़ी। दोपहर को मंदिर में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। शाम पांच बजे तक चला। इस भंडारा में सैकड़ो भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस कार्यक्रम को सफल करने में पुजारी बेदामा पांडेय, मुकेश पांडेय आदि ने सहयोग किया।