बीरमित्रपुर में राणी सती की भव्य शोभायात्रा व नगर भ्रमण
झुंझनूधाम राणी सती मंदिर में तीन दिवसीय मंगसीर नवमी उत्सव का आयोजन किया गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : झुंझनूधाम राणी सती मंदिर में तीन दिवसीय मंगसीर नवमी उत्सव का आयोजन किया गया है। पहले दिन मंगल गान के साथ दादी राणी सती का मेंहदी उत्सव आयोजित किया गया। शनिवार को भव्य रथ पर राणी सती का नगर भ्रमण कराया गया। इसमें राउरकेला आसपास के दर्जनों महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह इसका स्वागत किया गया। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से दादी के भक्त शामिल हो रहे हैं।
मंगसीर नवमी उत्सव पर पहले दिन सुबह ध्वजा परिवर्तन तथा शाम को मेंहदी उत्सव का आयोजन किया गया। सुहागिनों के द्वारा मंगलगान के साथ दादी के हाथों पर मेंहदी रचाई गई। भजन के साथ ही शाम को प्रसाद सेवन का कार्यक्रम हुआ। शनिवार की सुबह झुंझनूधाम राणी सती मंदिर से भव्य शोभयात्रा निकाल कर दादी को सफेद घोड़े के रथ पर लेकर गाजा बाजा के साथ नगर भ्रमण कराया गया। मंदिर से निकल कर चाइना टाउन, पुराना थाना, गोलबाजार, सिनेमा हॉल रोड, संडे मार्केट, गांधी रोड, बिरसा मुंडा नया बस स्टैंड होकर शोभायात्रा मंदिर पहुंची। इसमें 108 कलशयात्रा के साथ आकर्षक झांकी भी शामिल की गई थी। शाम को पांच बजे अखंड ज्योति प्रज्वलन के साथ भजन संध्या की शुरुआत हुई। इसमें प्रख्यात भजन गायक प्रियंका गुप्ता, अनिल लाटा, सूरज शर्मा व प्रकाश ओडेका आमंत्रित हैं। भक्तिगीतों का दौर रात नौ बजे तक चला। रविवार को दादी का राजरानी वेश में दर्शन होगा एवं सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक दर्शन के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। शाम को पांच बजे दीप दीपावली, ज्योत प्रज्जवल एवं संध्या आरती का कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही भजन कीर्तन आरंभ होगा जो शाम तक चलेगा। राणी सती सेवा ट्रस्ट के प्रमुख गोपाल तुलस्यान की देखरेख में सभी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर कमेटी से जुड़े लोगों की ओर से सभी तरह का प्रबंध किया गया है।