नाबालिग से गहने व नकदी की ठगी में एक गिरफ्तार
जगतसिंहपुर इलाके के एक युवक ने छेंड थाना क्षेत्र निवासी किशोरी से इंटरनेट मीडिया में प्यार का झांसा देकर गहने समेत नकदी ठग लिया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : जगतसिंहपुर इलाके के एक युवक ने छेंड थाना क्षेत्र निवासी किशोरी से इंटरनेट मीडिया में प्यार का झांसा देकर गहने समेत नकदी ठग लिया। इसमें मध्यस्थता करने वाले को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से नकदी समेत गहने भी जब्त किए गए हैं। जगतसिंहपुर जिले के तिर्तोल इलाके के 23 वर्षीय रमेश चंद्र पुहान उर्फ बुबुन ने छेंड थाना क्षेत्र की आठवीं कक्षा की छात्रा को इंटनरेट मीडिया में प्रेम जाल में फंसाया। उसने इसके लिए सेक्टर-7 थाना क्षेत्र के महिमा बस्ती निवासी 35 वर्षीय दीप्तिरंजन साहू को मध्यस्थ बनाया। नौ महीने तक उसके साथ प्यार का नाटक करने के बाद चालाकी से करीब डेढ़ लाख के गहने एवं रुपये ले लिया। इस संबंध में पता चलने पर किशोरी के पिता ने छेंड थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। आइआइसी विजय कुमार सिंह ने इसकी जांच शुरू की एवं आरोपित से मध्यस्थता करने वाले दीप्तिरंजन साहू को गिरफ्तार किया। उसके पास से सोने की दो चेन, दो लॉकेट, एक चूड़ी, एक अंगूठी, एक बाइक एवं 10 हजार रुपये नकद जब्त किया। आरोपित दिप्ती जगतसिंहपुर जिले के तिर्तोल ब्लॉक के पांडरा गांव का मूल निवासी है। राउरकेला में रहकर वह एक कंपनी में काम करता है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के साथ ही मुख्य आरोपित की तलाश कर रही है। चोरी लौह सामग्री के साथ दो लोग गिरफ्तार : हेमगिर थाना क्षेत्र के चुआंबहाल से निर्माण संस्था के कैंप से लोहा सामग्री चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ ही पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
चुआबहाल गांव के योगेश्वर रोहिदास एवं भगवान रोहिदास निर्माण संस्था के कैंप में घुसकर लौह सामग्री चोरी का प्रयास कर रहे थे। उनपर नजर पड़ने पर पहरेदार वहां पहुंच गए। उन्हें देख कर दोनों दौड़ कर भगवान रोहिदास के घर में घुस गए। पहरेदार पीछा करते हुए रोहिदास के घर पहुंच गया। तब उसे पता चला कि वहां चोरी छड़ व प्लेट रखे गए हैं। इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर वहां से करीब दस क्विंटल लोहा छड़ एवं अन्य सामग्री को जब्त किया तथा आरोपित भगवान रोहिदास और योगेश्वर रोहिदास को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।