जुलाई तक बिरसा मुंडा स्टेडियम का काम पूरा होने पर संशय
नगर में जनवरी 2023 में पुरुष हाकी विश्वकप मैच खेला जाना है। इसके लिए बीपीयूटी परिसर में विश्व स्तरीय बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : नगर में जनवरी 2023 में पुरुष हाकी विश्वकप मैच खेला जाना है। इसके लिए बीपीयूटी परिसर में विश्व स्तरीय बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। जुलाई 2022 तक इसका काम पूरा करने का लक्ष्य लेकर काम किया जा रहा है पर इसमें संशय बना है। दूसरी ओर राउरकेला हवाई अड्डा के संप्रसारण का काम धीमी गति से चल रहा है। इससे इसके भी समय पर पूरा होने को लेकर संशय बना हुआ है।
बीपीयूटी परिसर में 15 एकड़ क्षेत्र में बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। 16 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसकी आधारशिला रखी थी। 120 करोड़ की लागत पर बनने वाले स्टेडियम का निर्माण कार्य कोरोना संक्रमण के चलते रुका हुआ एवं नवंबर महीने से इसमें तेजी आयी है। 20 हजार दर्शक वाले स्टेडियम की गैलरी, प्रकाश के लिए 42 लाइट युक्त हाइमास्ट लाइट, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्था जुलाई 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में जितना काम हुआ है उसे इतने कम समय में पूरा होने पर संशय बना हुआ है। इसके एक दो महीने और अधिक समय लग सकता है। विश्वकप हॉकी को ध्यान में रखकर हवाई अड्डा के संप्रसारण का काम भी चल रहा है। हवाई अड्डे में टैक्सी वे एवं एप्रोन निर्माण का काम शुरू किया गया है। मार्च महीने तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है पर यह जून महीने तक समय लग सकता है। टैक्सी एवं एप्रोन का काम आठ करोड़ की लागत पर चल रहा है जबकि टर्मिनल का काम बाकी है। राउरकेला इस्पात संयंत्र की ओर से उड्डयन विभाग को 146 एकड़ जमीन मुहैया कराई गई है। यहां सेक्टर-13 मिसाई चौक से हवाई अड्डे तक फोरलेन सड़क निर्माण का भी प्रस्ताव है। विश्वकप हॉकी के लिए 11 महीने बचे हैं एवं इस बीच काम पूरा करना बड़ी चुनौती है।