कोविड नियम न मानने वालों को बैंक से वापस लौटाएं : एडीएम
कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन हर संभव कदम उठा रहा है।
जासं, राउरकेला : कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन हर संभव कदम उठा रहा है। शहरवासियों को जागरूक करने समेत दुकान-बाजार से लेकर सरकारी गैर सरकारी संस्थाओं को कोविड नियम का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी जा रही है। गुरुवार को एडीएम अबोली सुनील नरवाने ने शहर के मुख्य मार्ग में स्थित विभिन्न बैंकों का दौरा किया। इस दौरान एडीएम ने बैंक प्रबंधकों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने सहित विभिन्न काउंटरों पर शारीरिक दूरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियम का पालन नहीं पालन करने वालों को वापस लौटा देने का परामर्श दिया। कहा कि यह नियम बैंक के कर्मियों के साथ-साथ सभी ग्राहकों पर लागू करें। संयुक्त जांच अभियान में 860 वाहन सीज : राउरकेला जिला पुलिस की ओर से जारी संयुक्त जांच अभियान में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, कोरोना नियम का उल्लंघन करने के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान शहर में कुल 860 वाहन सीज किए गए एवं जुर्माना मद में 28 लाख 40 हजार 400 रुपये वसूला गया। आगे भी यह अभियान सख्ती से जारी रखने की बात पुलिस की ओर से कही गई है। सबडेगा हाट अनिश्चितकाल के लिए बंद : सुंदरगढ़ जिला के सबडेगा प्रखंड सदर महकमा में एक दिन का शटडाउन घोषित किया गया। इसके तहत सभी दुकान-बाजार सहित साप्ताहिक हाट को बंद रखा गया। साथ ही लोग भी घर से बाहर नही निकले। इस संबंध में सरपंच सुजाता लकड़ा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर फिर से सतर्कता के लिए शटडाउन किया जाएगा। साथ ही शनिवार को सबडेगा में लगने वाली हाट को अनिश्चितकाल के लिए बंद किया गया है।