वज्रपात से युवक की मौत, चार की हालत नाजुक
सुंदरगढ़ जिले के ब्राह्मणी तरंग एवं महुलपादा थाना क्षेत्र में वज
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले के ब्राह्मणी तरंग एवं महुलपादा थाना क्षेत्र में वज्रपात की दो घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप झुलस गए। उनकी हालत नाजुक होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की रात को तेज बारिश के बीच बिजली भी कड़क रही थी। तब ब्राह्मणी तरंग थाना अंतर्गत झारतरंग मुंडा टोला निवासी पीटर सांडिल और गोटीदरहा गांव के बेंजामिन सांडिल ब्राह्मणी नदी में स्नान करने के बाद घर लौट रहे थे। उसी समय वज्रपात हो गया। दोनों इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने पीटर को मृत घोषित कर दिया जबकि वेंजामिन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, बणई अनुमंडल के महुलपादा थाना अंतर्गत सानजोलो के बूदनडीह गांव में शुक्रवार की शाम को वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई। गांव के राजू मुंडा, पत्नी पानी मुंडा तथा बेटी भूमिका मुंडा भी अब अपने घर में थे। वज्रपात की चपेट में आने से तीनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें पहले लहुणीपाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से राजू को बणई अनुमंडलीय अस्पताल तथा पत्नी व बेटी को राउरकेला सरकारी अस्पताल स्थानांतरित किया गया है।