एक महिला ने दूसरी को घोंपा चाकू, आरोपित गिरफ्तार
महिला की हालत गंभीर, आरजीएच में चल रहा इलाज, आरोपित गिरफ्तार
राउरकेला, जेएनएन। प्लांट साइट थाना अंतर्गत रेलवे कॉलोनी की राजीव बस्ती में पति के साथ अवैध संबंध के संदेह में एक महिला ने दूसरी महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। रविवार की सुबह हुई इस घटना में घायल महिला को इलाज के लिए आरजीएच में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस जांच कर रही है। आरोपित महिला के पास से हमले में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया है।
रेलवे कॉलोनी की हरिजन बस्ती का 32 वर्षीय कार्तिक बेहरा लकड़ी मिस्त्री का काम करता है। उसकी 48 वर्षीय पत्नी मंजू बेहरा को संदेह था कि उसके पति का रेलवे कॉलोनी की राजीव बस्ती निवासी सरस्वती साह से गलत संबंध है। एक बार यह मामला थाना भी पहुंचा था। इससे पति-पत्नी में अक्सर बकझक होती रहती थी। रविवार को सुबह इसी बात को लेकर मंजू बेहरा राजीव बस्ती में सरस्वती साह के घर गई थी। जहां घर में किसी के न रहने पर मंजू ने चाकू निकालकर सरस्वती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें सरस्वती गंभीर रूप से घायल हो गई। सरस्वती के नाक, होंठ, सिर तथा हाथ पर चाकू से घाव बन गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर प्लांट साइट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर आरोपित मंजू बेहरा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल सरस्वती साह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में आरोपित मंजू बेहरा का कहना है कि सरस्वती का पति के साथ गलत संबंध होने के कारण उसने यह कदम उठाया।
जबकि उसके पति कार्तिक बेहरा ने पत्नी के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब बेकार की बातें हैं, उक्त महिला के साथ हमारा कोई अनैतिक संबंध नहीं है। वहीं, घायल सरस्वती साह के पुत्र अमित ने बताया कि कार्तिक बेहरा लकड़ी मिस्त्री है इसलिए मां लकड़ी का काम होने पर उसे बुलाया करती थी। बहरहाल, पुलिस मामले में की जांच कर रही है।