राउरकेला के मधुसूदनपल्ली में विस्फोट से हड़कंप
ओडिशा में राउरकेला के मधूसूदनपल्ली बस्ती के तेलगुपाड़ा विस्फोट से हड़कंप मच गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। मधूसूदनपल्ली बस्ती का तेलगुपाड़ा फिर एक बार विस्फोट से दहल गया। इस बार विस्फोट रसोई गैस सिलेंडर में हुआ। हादसा शनिवार रात को उस समय हुआ, जब बस्ती के एक घर में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर के रेल्यूलेटर में आग लग गई। जिसके बाद हुए इस विस्फोट के बाद इलाका दहल गया। शोर सुनकर घर के पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति जब घर में घुसा तो वह आग की लपटों के चपेट में आकर झुलस गया। उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस्ती के युवाओं के तत्परता के कारण आग पर काबू तो पा लिया गया। लेकिन किराये के घर में रहने वाले तरुणकांती सोमगिरी का घर पुरी तरह नष्ट हो गया। सूचना पाकर ओडिशा अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी घटना स्थल पहुंचे। तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। इसी महीने की 17 सितंबर को बस्ती में विस्फोट के कारण एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत गई थी। विस्फोट की जांच अभी चल ही रही है कि इस दूसरे विस्फोट से बस्ती के लोग खौफजदा हो गए। आलम यह था कि पूरी तरह लोगों ने जागकर काटी।
रेग्यूलेटर में लगी आग, फिर हुआ विस्फोट: मधूसूदनपल्ली तेलगुपाडा बस्ती के बगल में तरुणकांत सोमगिरी (75) अपने भाई सोमनाथ सोमगिरी तथा भतीजा के साथ किराये के घर में रहते है। तरुणकांत ने बताया कि शनिवार रात साढ़े 10 बजे वे गैस चूल्हा में खाना बना रहे थे। इस दौरान उनके भाई औ्र भतीजे घर पर नही थे। इस दौरान चूल्हे से लगे सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक गैस लीक होने के साथ आग लग गयी। आग की लपटें पूरे घर में फैल गई। इस दौरान बगल में रखा दूसरा सिलेंडर भी आग की चपेट में आने लगा। यह देखकर तरूण ने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू किया।
इस दौरान पड़ोसी अशोक बेहरा (68) उनके घर देखने घुसे ही थे कि एक जोर की विस्फोट हो गया। जिसके कारण अशोक बेहरा झुलस गये। शोर सुन कर बस्ती के युवकों ने झुलसे अशोक इलाज के लिये राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ घर में लगे आग को बुझाने लगे। साथ ही, घर मे रखे सिलेंडर को निकाल कर पानी डाल कर ठंडा कर स्थानीय पार्क में खुले स्थान पर रखा। इस विस्फोट के कारण बस्ती में अफरा- तफरी मच गया था। हालांकि बस्ती के युवाओं की पहल पर दूसरे घरों को आग की लपटों से बचाया जा सका।
एक महीने में दूसरा विस्फोट: शनिवार देर रात की घटना को मिलाकर इस महीने मधुसूनपल्ली में यह दूसरा विस्फोट है। पिछली बार 17 सितंबर को बस्ती के निवासी जवाहर श्रीवास्तव के घर में रखे विस्फोटक पदार्थ में आग लगने के बाद हुए विस्फोट में उनकी दो बहु रेखा व डॉली की मौत हो गई थी। वहीं इलाके के चालीस से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। हादसे के बाद मधुसूदनपल्ली सहित पूरे शहर में हड़कंप मच गया था। प्राथमिक जांच में पटाखा बनाने के लिए बारूद जमाकर रखे जाने की बात सामने आई थी। लेकिन अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की जांच चल रही है। इस घटना के बाद पुलिस भी सतर्कता बरत रही है और रेल इलाके में स्थित बस्तियों के नाम, वहां रहने वाले लोगों का डाटा जुटाया जा रहा है ताकि निगरानी हो सके।