आरजीएच में नाइट शिफ्ट ड्यूटी कर रहे डॉक्टर पर हमला
राउरकेला सरकारी अस्पताल में पत्नी का इलाज करा रहे एक व्यक्ति ने नाइट शिफ्ट ड्यूटी कर रहे डॉ. रजतरंजन सादुआल पर हमला कर दिया।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) में बेड नहीं मिलने पर पत्नी का इलाज कराने आए लेबर टेनामेंट निवासी एक व्यक्ति द्वारा नाइट शिफ्ट ड्यूटी कर रहे डॉ. रजतरंजन सादुआल पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में डॉ रजत रंजन को घायल हो गए। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने चिकित्सक को बचाकर हालात काबू किया। चिकित्सक की लिखित शिकायत पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इधर, मामला बढ़ता देख आरोपित विपिन अपनी पत्नी को अस्पताल से लेकर निकल गया है। पुलिस को दी गई तहरीर में डॉक्टर रजत ने बताया है कि रविवार रात को उनकी नाइट शिफ्ट ड्यूटी (रविवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक) थी। रात 12 बजे एक व्यक्ति अपनी पत्नी का इलाज कराने आया। पत्नी शांतिलता की हालत गंभीर थी। उन्होंने मरीज को मेडिसिन वार्ड में भर्ती होने की बात कही। लेकिन वार्ड में बेड खाली नहीं मिलने पर वहां मौजूद नर्स से मरीज के पति की बहस हो गई।
इसके बाद उसका गुस्सा उन पर भी फूटा। मरीज के पति ने अपने दो बेटों को भी अस्पताल बुला लिया। तीनों ने मिलकर हम पर हमला कर दिया। यह देख ड्यूटी में तैनात सुरक्षाकर्मी ने बीचबचाव का प्रयास किया। जिसमें उसे भी चोट आयी। इस पर उन्होंने रघुनाथपाली थाने को सूचना दी। यह देखकर मरीज को लेकर पति व दोनों बेटे वहां से निकल गए।
दोपहर को दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया था। जहां विपिन बिहारी सामल तथा उनके बेटों ने चिकित्सक से माफी मांगने के कारण दोनों के बीच समझौता हो गया है। इस लिए इस मामला में कोई केस दर्ज नही किया गया है।
- एम जेना, रघुनाथपाली थाना अधिकारी।
इस तरह के हमलों से चिकित्सकों में भय फैलता है। सीमित संसाधनों में चिकित्सक सरकारी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यहां किसी भी चीज के लिए चिकित्सक को निशाना बनाना सही नहीं है। मरीजों के अपने अधिकार हैं जिनका वे कायदे से इस्तेमाल कर सकते हैं। आरजीएच के अधिकारियों से शिकायत कर सकते हैं। लेकिन चिकित्सक को निशाना बनाना सही नहीं है।
डॉ. विश्वजीत महापात्र, अध्यक्ष, आइएमए