अटलजी के बराबर पहुंचना असंभव: सुदर्शन
स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को करीब से जानने वाले और लगभग चा
जागरण संवाददाता, राउरकेला : स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को करीब से जानने वाले और लगभग चार दशक से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े मौजूदा ओडिशा प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष सुदर्शन गोयल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के निधन पर शोक जताते हुए बताया कि अटलजी ने राजनीति को साधना की तरह साधा था, इसीलिए वे इतने करिश्माई थे। उनके आसपास किसी का पहुंचना संभव नहीं है। वह एक असाधारण व्यक्तित्व थे जो जनता के बीच पहुंचते ही साधारण बन जाते थे। उनके समकालीन नेताओं में यही एक बात उन्हें सबसे अलग करती थी। व्यक्तिगत आरोपों से परे सरकार की गलत नीतियों की सटीक आलोचना और अच्छी नीतियों की दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सराहना उन्हें अलग और खास बनाती थी। अटल जी का जाना पूरे देश के लिए बड़ा नुकसान है। अटलजी राउरकेला में तीन बार आये थे। तीनों दौरे में उनके करिश्माई व्यक्तित्व ने शहरवासियों के मन में एक अमिट छाप छोड़ा था। वाजपेयी जी को उनकी अच्छी व सच्ची राजनीति, उनकी वाकपटुता, उनके करिश्माई नेतृत्व तथा देश के लिए किए गए कार्यों हेतु हमेशा याद किया जाएगा।