भीमभोई का अपमान करने वालों पर हो कार्रवाई : विहिप
संत कवि भीम भोई के संबंध में विदेशी पत्रिका में आपत्तिजनक लेख प्रकाशित हुआ है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : संत कवि भीम भोई के संबंध में विदेशी पत्रिका में आपत्तिजनक लेख प्रकाशित हुआ है। इसके लेखक केदार मिश्र पर कार्रवाई करने की मांग विश्व हिन्दू परिषद के पश्चिम ओडिशा धर्म प्रसार सचिव शांतनु कुसुम ने की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का ध्यान आकृष्ट किया है। कुसुम ने कहा है कि संत कवि के आदर्श व मर्यादा का लोग सम्मान करते हैं। महिमा धर्म का प्रचार प्रसार करने वाले संत कवि के प्रति लोगों की आस्था जुड़ी है। ओडिशा वासियों को इस पर गर्व है। जन्म से ही दिव्यांग (दृष्टिहीन) होने के बावजूद उन्होंने अपनी साधना से दिव्यज्ञान की प्राप्ति की थी। ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों में इसको मानने वाले हैं तथा उनका आश्रम भी है। ओडिशा के एक लेखक केदार मिश्र ने अपनी पुस्तक भीम भोई एंड हिज फीमेल कंसर्ट्स में उनका कई महिलाओं से गलत संबंध होने का उल्लेख किया गया है। युवा अवस्था में एक युवती की हत्या उनके द्वारा किए जाने का जिक्र भी पुस्तक में है। यह असत्य होने के साथ उनकी छवि को कलंकित करने का प्रयास है। लोग इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। संत कवि ने लिखा था कि मेरा जीवन भले जी नर्क में पड़ा रहे पर जगत का उद्धार हो, पंक्ति को आज भी लोग स्मरण करते हैं। शांतनु ने मुख्यमंत्री को टवीट कर धर्म एवं राष्ट्र विरोधी कार्य के लिए लेखक केदार मिश्र को गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग की है।