पीएलएफआइ एरिया कमांडर राजेंद्र गिरफ्तार
राउरकेला पुलिस के स्पेशल स्क्वायड ने प्लांट साइट थाना क्षेत्र स
जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला पुलिस के स्पेशल स्क्वायड ने प्लांट साइट थाना क्षेत्र से पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआइ) के एरिया कमांडर राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास एक पिस्तौल व जीवित कारतूस बरामद किए गए हैं। वह सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय था। उसके खिलाफ रंगदारी वसूलने, धमकी, लूट समेत कई मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
पीएलएफआइ के चार सदस्य पिछले दो दिन से हाथीबाड़ी थाना क्षेत्र के पुरनापानी इलाके में घूम रहे थे। पिस्तौल दिखाकर स्थानीय लोगों को धमका रहे थे। रविवार को पुरनापानी में हथियार दिखाकर दो व्यवसायियों से 40 हजार रुपये की वसूली भी की थी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी एवं आरोपितों की तलाश की जा रही थी। उनकी पहचान के लिए विशेष कार्यबल का गठन किया गया था। मंगलवार को दोपहर बाद राउरकेला में मोहर्रम जुलूस निकला था एवं इसमें पुलिस व्यस्त थी। इसी बीच पुलिस को पता चला कि पीएलएफआइ का एरिया कमांडर राजेंद्र प्लांट साइट क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल छापेमारी की और आरोपित को पकड़ लिया गया। उसके पास पिस्तौल की गोलियां, पिस्तौल समेत अन्य सामग्री जब्त की गयी हैं। जांच जारी होने के कारण पुलिस की ओर से आरोपित के संबंध में कुछ नहीं बताया गया। उसके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए भी पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।