बेटी से दुष्कर्म का किया प्रयास तो मां ने दी ऐसी सजा की पूरे शहर में होने लगी चर्चा
सख्त कानून के बावजूद दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है एक मां ने अपने बेटी के दुष्कर्मी को ऐसी सजा दी की ये घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
राउरकेला, जेएनएन। मासूम बच्चियों से दुष्कर्म को लेकर सख्त कानून होने के बावजूद ऐसे घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लेकिन शहर में दुष्कर्म का प्रयास करने वाले एक युवक को पीड़िता की मां ने ऐसा सबक सिखाया कि उसे अस्पताल में बिस्तर पकड़ने की नौबत आ गयी है। यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्लांट साइट थाना क्षेत्र की किशोरी की मां मंगलवार की दोपहर सब्जी लेने के लिए बाजार गई थी। इसी बीच मालगोदाम अंचल में रहने वाला एक युवक किशोरी के घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। किशोरी ने विरोध करते हुए शोर मचाने से पड़ोसी जुट गए। इसी बीच मौका पाकर युवक वहां से फरार हो गया। बाजार से लौटने पर मां को जब इस बात का पता चला तो वह आरोपित को खोजते हुए मालगोदाम पहुंच गई।
यहां आरोपित युवक को देखते ही उसे पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। साथ ही एक बड़ा पत्थर उठाकर आरोपित का चेहरा कुचल दिया। युवक वहां पर बेहोशी की हालत में पड़ा होने के बाद कुछ लोगों ने उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत को देखते हुए बुर्ला मेडिकल रेफर कर दिया गया है। यह मामला थाना तक पहुंचने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुटी है।