आशा कर्मियों ने किया शक्ति प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, सुंदरगढ़ : नारी कल्याण केन्द्र में अखिल ओडिशा आशा कर्मी संघ जिला शाखा का द्वितीय
जागरण संवाददाता, सुंदरगढ़ :
नारी कल्याण केन्द्र में अखिल ओडिशा आशा कर्मी संघ जिला शाखा का द्वितीय सम्मेलन बुधवार को आयोजित हुआ। इसमें जिले भर से आशा कर्मी जुटी। इन्होंने रैली निकाल शक्ति का प्रदर्शन किया एवं मांगें मनवाने के लिए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष विजय जेना ने इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। जिला अध्यक्ष मादिलता कुल्लू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यक्ष विजय जेना ने आंगनबाड़ी कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डाला एवं इन्हें प्राप्त करने के लिए एकजुट होकर आंदोलन तेज करने की बात कही। राज्य सचिव विनती साहू, शिक्षक नेता दुर्योधन भोई, राज्य एआइटीयूसी सचिव मित्रभानू पोढ़, गां साथी संघ के जिला अध्यक्ष धनपति नायक, यूटीयूसी के लिए सचिव कमल संड, आदि ने अपने विचार रखे। संघ की जिला सचिव वंदिनी उरांव ने वार्षिक विवरण प्रस्तुत किया तथा कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार रखे। इस मौके पर नई कार्यकारिणी का गठन हुआ जिसमें मादिलता कुल्लू अध्यक्ष, वंदिनी उरांव उपाध्यक्ष, पंकजिनी माझी सचिव मरियाना मिंज सह सचिव, सेंतरंगा बाग कोषाध्यक्ष चुने गये।