टाउन हाइस्कूल में चला सफाई अभियान
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के आह्वान पर शहर के सरकारी स्कूलों में छात्र एवं युवा बीजद की ओर से सफाई अभियान शुरू किया गया है।
जासं, राउरकेला : मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के आह्वान पर शहर के सरकारी स्कूलों में छात्र एवं युवा बीजद की ओर से सफाई अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को डेली मार्केट स्थित टाउन हाइस्कूल में बीजद के कार्यकर्ताओं द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान बीजद कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर की साफ-सफाई की। सुबह 6 बजे से 10 सुबह बजे तक चले इस अभियान में कुनू चंद्र महांती, आर्तत्राण जेना, पूर्व पार्षद ब्रजेश महतो, विकास जेना, राजेंद्र यादव, राजेश प्रसाद प्रमुख शामिल थे। एसएचजी को नहीं मिली शहरी जीविका मिशन की बकाया राशि : सुंदरगढ़ नगरपालिका शहरी जीविका मिशन में काम करने वाले स्वयं सहायक समूहों को उनकी बकाया राशि नहीं मिल रही है। नगरपालिका ने उक्त मिशन के तहत विभिन्न एसएचजी के जरिए कार्यों को पूर्ण कराया गया था। लेकिन 6 माह होने को है, एसएचजी ग्रुप अपनी बकाया राशि पाने के लिए नगरपालिका का चक्कर काट रहे है। कार्यपालक अधिकारी से अनुरोध किए जाने के बावजूद इस संबंध में कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
इस कारण मिशन के तहत काम करने वाले दस एसएचजी ग्रुप के सदस्यों ने जिलापाल निखिल पवन कल्याण से मुलाकात कर अपनी समस्या को रखा। जिलापाल ने नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी अशोक मिश्र को बुलाकर मामले की जानकारी ली थी। वहीं, बकाया राशि तुरंत प्रदान न करने पर एसएचजी ग्रुप के सदस्यों ने जिलापाल व नगरपालिका के कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। समूह की सदस्यों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।