अगली पीढ़ी के भविष्य के लिए करें साइकिल का प्रयोग : विधायक
इंडियन आयल की तरफ से श्रीक्षेत्र धाम पुरी में सक्षम साइकिल दिवस-2020 कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा विधायक जयंत षाड़ंगी ने किया।
संसू, पुरी : इंडियन आयल की तरफ से श्रीक्षेत्र धाम पुरी में सक्षम साइकिल दिवस-2020 कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा विधायक जयंत षाड़ंगी ने किया। इस मौके पर विधायक ने खुद साइकिल चलाकर लोगों को इसके लिए प्रेरित किया तथा शपथ पाठ कराया। विधायक ने कहा कि साइकिल चलाना केवल पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के लिए उपयोगी नहीं है, बल्कि इससे हम पेट्रोलियम पदार्थ की खपत को भी कम करेंगे। संरक्षण हम सबका संयुक्त दायित्व है। विभिन्न उद्योग, व्यक्ति विशेष, संस्थान, तेल उद्योग एवं सरकार को संयुक्त रूप से अपने दायित्व को समझना होगा और आने वाली पीढ़ी किस प्रकार स्वस्थ परिवेश में जीवन यापन करे, इसका पूरा ध्यान रखना होगा। विधायक ने कहा कि छोटी छोटी बातों पर गौर कर हम रसोई, परिवहन, कृषि, उद्योग के क्षेत्र में ऊर्जा का संरक्षण करने में सहभागी बन सकते हैं। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान के आह्वान पर सक्षम (संरक्षण क्षमता महोत्सव 2020) के जरिए आम लोगों को पेट्रोलियम पदार्थ का खर्च कमकर परोक्ष में विदेशी मुद्रा का प्रयोग कम करने आह्वान किया है।