पर्यवेक्षकों के सामने भाजपाइयों का हंगामा, बैठक रद
झारसुगुड़ा एवं ब्रजराजनगर विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर बुलायी गई भाजपा की बैठक हंगामे के कारण रद करनी पड़ी।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : झारसुगुड़ा एवं ब्रजराजनगर विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर आयोजित बैठक में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हंगामा हो गया। दावेदारों के समर्थकों के आपस में भिड़ने से पर्यवेक्षकों को बैरंग लौटना पड़ा।
घटनाक्रम के अनुसार, दोनों सीट के उम्मीदवारों के चयन को लेकर स्थानीय एक होटल में जिला भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व सदस्यों की बैठक बुलायी गई थी। इसमें पर्यवेक्षक सूरमा पाढ़ी, सीमांचल खटेई सहित ब्रजराजनगर के प्रभारी सुनील पंडा, झारसुगुड़ा के प्रभारी रघुनंदन पंडा, विधायक सह जिलाध्यक्ष राधारानी पंडा मौजूद थे। दोनों विधानसभा के लिए तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों का नाम लिखकर देने को कहा गया। सभी को अपनी पसंद के नाम की पर्ची दी गई। इसी बीच कुछ ने दोहरी पर्ची भरने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में बाहरी लोगों को बैठक में ले आए हैं जिनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है। इससे वहां घमासान मच गया। हंगामे के बीच संभावित प्रत्याशियों का आरोप है कि जिन्हें भाजपा की नीति-नियम तक नहीं मालूम व हाल ही में भाजपाई बने हैं वे टिकट के लिए माहौल बनाकर भाजपा को बदनाम करने में लगे हैं।
हाईकमान को बताएंगे
यहां की स्थिति के बारे में पार्टी हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। हाईकमान के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
-सूरमा पाढ़ी व सीमांचल खटेई, पर्यवेक्षक
संगठन में नेता ज्यादा हो गए हैं
अब संगठन में कार्यकर्ता से ज्यादा नेता हो गए हैं। मौकापरस्तों की कमी नहीं है। आलाकमान इससे अवगत नहीं है। संगठन के लिए जो बेहतर होगा, वही आलाकमान का फैसला होगा। जो भी उम्मीदवार होगा दल उसके साथ होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मिशन-120 को सफल बनाना प्राथमिकता है।
राधारानी पंडा, विधायक सह जिलाध्यक्ष, भाजपा