वीर सुरेन्द्र साय की प्रतिमा का अनावरण कल
प्रतिमा का अनावरण केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान करेंगे। इसकी जानकारी विमानतल के निर्देशक किशोर कुमार सेनापति ने दी। 22 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारसुगुड़ा विमानतल का उद्घाटन किया था।
संसू, झारसुगुड़ा : 23 जनवरी को अंचल के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेन्द्र साय की जयंती मनाने की तैयारी जोरदार ढंग से चल रही है। इस अवसर पर झारसुगुड़ा विमानतल के ठीक सामने स्थापित की जा रही उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा स्थापना का कार्य एमसीएल कर रही है। प्रतिमा का अनावरण केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान करेंगे। इसकी जानकारी विमानतल के निर्देशक किशोर कुमार सेनापति ने दी। 22 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारसुगुड़ा विमानतल का उद्घाटन किया था। विमानतल का नाम अंचल के स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेन्द्र साय के नाम पर रखने के राज्य सरकार व अन्य संगठनों के द्वारा दिए गए सुझाव के बाद ही झारसुगुड़ा विमानतल का नाम वीर सुरेन्द्र साय विमानतल रखा गया है। उसी दिन से विमानतल परिसर में वीर सुरेन्द्र साय की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रयास चल रहा था। ढाई वर्ष बाद अब जाकर उनकी प्रतिमा स्थापित की जा रही है।
जिला कांग्रेस ने दी हरिबंधु त्रिपाठी को श्रद्धांजलि
संसू, झारसुगुड़ा : जिला कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे हरिबंधु त्रिपाठी को गुरुवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। स्थानीय झंडा चौक स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भरत अवस्थी ने कहा कि वे एक निष्ठावान नेता थे। उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया था। उनके निधन से कांग्रेस को गहरा आघात लगा है। श्रद्धांजलि सभा मे मनीष बाजपेयी, भागीरथी पात्र, निखिल घोष, आलेख, वरुण ओडाका, संजय पाल, सुखदेव, कमाल खान, भुवनेश्वर साहू व राहुल ठाकुर सहित अन्य ने श्री त्रिपाठी की अमर आत्मा के लिए प्रार्थना की व दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की।