आरडीसी ने परखी ईब थर्मल पावर परियोजना की प्रगति
उत्तरांचल राजस्व आयुक्त डीवी स्वामी ने जिले के बनहरपाली स्थित
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : उत्तरांचल राजस्व आयुक्त डीवी स्वामी ने जिले के बनहरपाली स्थित ओपीजीसी के ईब थर्मल पावर परियोजना स्थल अचानक पहुंचकर बुधवार को हड़कंप मचा दिया। जिला प्रशासन अथवा पुलिस प्रशासन को भी इसकी जानकारी नहीं थी।
इस परियोजना का संप्रसारण कार्य जारी है एवं तीसरे व चौथे यूनिट के निर्माण के बाद इसकी विद्युत क्षमता 1320 मेगावाट बढ़ जाएगी एवं स्वामी ने बिजली की कमी को पूरा करने के लिए सर्वप्रथम उपस्थित अधिकारियों से इस बाबत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने परियोजना के लिए राख व ऐशपांड निर्माण में हो रही प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इस परियोजना के संप्रसारण कार्य को शीघ्र पूरा करने की राज्य सरकार की मंशा से अधिकारियों को अवगत कराते हुए निर्माण कार्य तय समय सीमा में समाप्त करने का निर्देश दिया। इस समीक्षा बैठक में परियोजना निदेशक आलोक मुखर्जी, सीएसआर विभाग प्रमुख मनोज दास, प्रदीप पात्र, संजय गढ़वाल, डॉ. बिजयलाल बिस्वाल, बिजय मिश्र, चित्तरंजन स्वाईं आदि शामिल थे। इसके बाद आरडीसी ने महिला स्वयंसेवी समूहों की दक्षता वृद्धि के लिए ईब सृष्टि नामक नए संगठन का गठन करते हुए इसके अस्थायी कार्यालय का उद्घाटन किया। यहां से आरडीसी तेलेनपाली पंचायत के कंटाझरियापाड़ा में महिलाओं के छतु एवं मुर्गा फार्म का जायजा लेने पहुंचे तथा परियोजना की ओर से आसपास के गांवों में चलाए जा रहे विभिन्न विकासोन्मुखी कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. एकांत प्रधान को परियोजना की ओर से दो रक्त परीक्षण मशीने प्रदान की गई। आरडीसी के बनहरपाली पहुंचने के उपरांत स्थानीय पुलिस तथा उपजिलाधीश अजय जेना ने यहां हाजिरी लगाई एवं परिसर स्थित डीएवी स्कूल जाकर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।