महाकाल मंदिर, बागडीही में रसोईया की हत्या
मामले की तफ्तीश में पुलिस को पता चला है कि वारदात की पृष्ठभूमि में अवैध संबंध है।
बामड़ा, जागरण संवाददाता। झारसुगुड़ा जिले के बागडीही स्थित महाकाल मंदिर के रसोईया की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी गई है। हत्या केआरोप में मंदिर के पास पूजा सामग्री बेचने वाले मिश्र मांझी को बागडीही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले की तफ्तीश में पुलिस को पता चला है कि वारदात की पृष्ठभूमि में अवैध संबंध है।
पुलिस को आरोपी ने बताया है कि मृतक का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध था। पुलिस के अनुसार महाकाल मंदिर के पास झारमुंडा गांव का मिश्र मांझी (40) पूजा सामग्री बेचता है। मंदिर में रसोई करने के लिए एक साल पहले मंदिर में आए देवगढ़ जिले के पोड़ामाल गांव के नाथ साहु पर मिश्र मांझी की पत्नी से अवैध संबंध का शक था। इसे लेकर मिश्र मांझी ने कई बार नाथ को बाज आने की हिदायत दी थी। लेकिन नाथ इसे अनसुना कर रहा था। जिसके बाद मिश्र मांझी ने बदला लेने की ठानी। मंगलवार की सुबह जब रसोईया नाथ साहु महाकाल मंदिर परिसर स्थित काली मंदिर में पूजा करने के बाद देवी को प्रणाम करने झुका तो पीछे से मिश्र मांझी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
सिमडेगा निवासी पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला
सुंदरगढ़ में पारिवारिक विवाद के बाद पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी केमुताबिक झारखंड के सिमडेगा जिला निवासी जगदीश मांझी पत्नी सस्मिता मांझी के साथ सुंदरगढ़ के बालिशंकरा थाना अंतर्गत देवभवनपुर गांव आए हुए थे। मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। जिसके बाद जगदीश ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस जांच में जुटी है हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: कोरापुट सामूहिक दुष्कर्म: पीडि़ता के परिजनों को दिए जाएं 1 करोड़