हक के लिए बंद रहा ब्रजराजनग विस क्षेत्र
जिला खनिज निधि (डीएमएफ) का उपयोग सही ढंग से ना होने के विरोध में सचेतन नागरिक मंच की ओर से आहूत 12 घंटे ब्रजराजनगर विस क्षेत्र बंद का बुधवार को व्यापक असर दिखा।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : जिला खनिज निधि (डीएमएफ) का उपयोग सही ढंग से ना होने के विरोध में सचेतन नागरिक मंच की ओर से आहूत बुधवार को ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र 12 घंटे बंद असरदार रहा। इस दौरान ब्रजराजनगर, बेलपहाड़ तथा लखनपुर ब्लॉक में दुकान बाजार पूरी तरह बंद रहे तथा कोयला परिवहन ठप रहा। ब्रजराजनगर मुख्य बाजार, लमटीबहाल, मंडलिया आदि इलाकों में लोगों को चाय-पान तक के लिए दिनभर भटकना पड़ा। इलाके के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहे। स्टेट बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक आदि में कामकाज नहीं होने से बैंकिंग कारोबारी बुरी तरह से प्रभावित हुआ। इसके अलावा नगर के सभी सरकारी, गैर सरकारी दफ्तर नहीं खुले। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पिकेटिंग कर बंद को सफल बनाने की अपील करते देखे गए। बेलपहाड़ में लोगों ने भाजपा के बैनर तले पथावरोध कर आवागमन ठप किया। लखनपुर ब्लॉक में भी बंद असरदार रहा। बंद को सफल करने में विधायक राधारानी पंडा, मंडल अध्यक्ष सुनील दास, बेलपहाड़ में मंडल अध्यक्ष तपन कांत जेना के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पिकेटिंग करते दिखे।